Samastipur: आदर्श आचार संहिता को लेकर रोसड़ा में फ्लैग मार्च

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद पूरे जिले में पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है.

रोसड़ा . आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद पूरे जिले में पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है. इसी क्रम में मंगलवार को रोसड़ा में शांति, सौहार्द व सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया. इस मार्च का नेतृत्व डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने किया. फ्लैग मार्च रोसड़ा थाने से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों डाक बंगला चौक, सब्जी मंडी, स्टेशन रोड, महादेव मठ रोड, कॉलेज चौक रोड होते हुए विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया. इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल, सशस्त्र जवान एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है, प्रत्येक मतदाता को इसमें शांति, निष्पक्षता एवं भाईचारे के साथ भाग लेना चाहिए. डीएसपी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है. किसी भी प्रकार की उल्लंघन, अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं की जायेगी. कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. लोगों से अपील है कि वे भयमुक्त होकर मतदान करें एवं एक जागरूक नागरिक का परिचय दें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रत्याशी या समर्थक द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी. साथ ही शहर और ग्रामीण इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग व निगरानी जारी रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. मार्च के दौरान पुलिस बल ने नागरिकों से संवाद स्थापित कर शांति, सद्भाव व सहयोग बनाये रखने की अपील की. स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की. कहा कि ऐसे कदमों से समाज में विश्वास व सुरक्षा की भावना मजबूत होती है. फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि चुनावी माहौल में अमन-चैन व अनुशासन ही लोकतंत्र की सच्ची पहचान है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RANJEET THAKUR

RANJEET THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >