समस्तीपुर: शहर के ताजपुर रोड स्थित भोला टॉकीज आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) का निर्माण कार्य इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का सबब बनता जा रहा है. निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार और बार-बार काम बंद रहने से इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. निर्माण स्थल के आसपास की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, जिससे पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और छोटे चारपहिया वाहनों को परेशानी के बीच सफर करना पड़ रहा है.
कछुआ गति से चल रहा निर्माण, लोगों में नाराजगी
जब आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, तब शहरवासियों को उम्मीद थी कि परियोजना तेजी से पूरी होगी और उन्हें भीषण जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी. लेकिन निर्माण की धीमी रफ्तार से लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है. कई बार निर्माण कार्य पूरी तरह ठप नजर आता है, जिससे स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ रही है.
सड़क पर पसरी मिट्टी, गड्ढों और मलबे के कारण अब तक कई लोग असंतुलित होकर गिरकर चोटिल हो चुके हैं. बदहाल सड़क के कारण रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
नाले की अव्यवस्था से कॉलोनियों में जलभराव
ताजपुर रोड स्थित मुख्य नाले में बेतरतीब ढंग से ह्यूम पाइप डालकर उसे मिट्टी से ढक दिये जाने के बाद स्थानीय लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है. निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण प्रोफेसर कॉलोनी एक, दो और आसपास की अन्य गलियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा है.
जलभराव और कीचड़ के बीच लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के साथ जल निकासी की व्यवस्था पर भी ध्यान देने की जरूरत है.
जल्द काम नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
शहरवासियों ने प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ रोष जताते हुए आरओबी निर्माण कार्य में तुरंत तेजी लाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य में तेजी नहीं लायी गयी, सड़कों की स्थिति दुरुस्त नहीं की गयी और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्हें बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर कॉलेज में हिंदी दिवस पर संगोष्ठी, विचार प्रतियोगिता में राकेश कुमार रहे प्रथम
