समस्तीपुर : स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की लेटलतीफी कम होने का नाम नहीं ले रहा. इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ी हुई है. शुक्रवार को डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है. उक्त ट्रेन गुरुवार को दिल्ली से नहीं खुली. इससे उक्त ट्रेन में रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. खास कर परिवार के साथ सफर करने वाले यात्री ज्यादा परेशान हैं. बता दें कि तीन मई जयनगर से नई दिल्ली जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का परिचालन रद्द किया गया था.
इससे ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को बैरंग लौटना पड़ा था. हालांकि, ट्रेन रद्द किये जाने के कारण रेलवे प्रशासन यात्रियों का फुल पैसा वापस कर दिया. लेकिन अचानक यात्रा रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी. उधर, डाउन जननायक एक्सप्रेस भी करीब दस घंटे विलंब से चल रही है. इसी प्रकार नई दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस करीब सात घंटे लेट से समस्तीपुर पहुंची. इसके अलावा भी लंबी दूरी की आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें लेट से चल रही हैं. इस बाबत सीनियर डीसीएम सह मीडिया प्रभारी बीरेंद्र कुमार ने बताया कि दूसरे मंडलों से ही ट्रेन लेट से आ रही है, जिससे परेशानी हो रही है. जिस मंडल क्षेत्र में ट्रेन लेट हो रही है, वहां के प्रशासन से पत्राचार किया जा रहा है.
