आर्सेनिक प्रभावित पंचायतों को हर घर नल जल का मिलेगा लाभ
समस्तीपुर : जिले की आर्सेनिक से गुणवत्ता प्रभावित 27 पंचायतों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिये पीएचइडी ने डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया है. इन 27 पंचायतों के तहत लगभग 154 टोलाें को हर घर नल जल के तहत जोड़ कर वहां के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जायेगा. पहले चरण में विभाग ने 15 मई तक इन गांव घरों में पेयजल पहुंचाने के लिये डीपीआर तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का आदेश दिया है. इसके तहत पंचायत के हर घर में पाइपलाइन के माध्यम से नल का जल उपलब्ध कराया जायेगा. योजना के तहत जलमीनार, मुख्य पाइप व मुख्य पाइप से घरों को जोड़ने के वाली पाइप लाइन के साथ ही योजना का प्राक्कलन तैयार हो रहा है. डीपीआर बन जाने के बाद इसे मंजूरी के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पास भेजा जायेगा.
आर्सेनिक प्रभावित हैं यह पंचायत : जिला जांच प्रयोगशाला के जिला रसायनज्ञ संदीप भारती ने बताया कि मोहिउद्दीननगर, मोहनपुर, शाहपुर पटोरी के पंचायतों को मुख्य रूप से शामिल किया गया है. इन सभी पंचायतों में आर्सेनिक प्रभावित चापाकलों की संख्या काफी अधिक है. विश्व बैंक व डीएफआइडी के सहयोग से इस योजना का क्रियान्वयन भी किया जायेगा.
इन पंचायतों को किया गया शामिल : दशहरा, धरनीपट्टी पूर्वी, धरनीपट्टी पश्चिम, डुमरी उत्तर व डुमरी दक्षिण, जलालपुर, माधोपुर सरारी, बोचहा, दुबहा, हरैल, करीमनगर, कुरसाहा, मदुदाबाद, राजाजान, सिवैसिंगपुर, तेतारपुर, चकसाहो, चकसलेम, धमौन उत्तरी, धमौन दक्षिण, हरपुर सैदाबाद, रुपौली, इनायतपुर, साहिट, बालकृष्णपुर मोरवा, बंगराहा, कांचा, शेरपुर ढेरपुरा.
