पंचायत उपचुनाव. जिप क्षेत्र संख्या 10 के लिए डाले गये वोट
समस्तीपुर : जिला परिषद क्षेत्र संख्या 10 के लिए गुरुवार को मतदान हुआ. इसमें 55 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया. छिटपुट घटनाओं को छोड़कर क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण रहा. जिप क्षेत्र संख्या 10 के लिए 87 बूथों पर वोट डाले गये. इस बार पंचायत चुनाव में पहली बार लोगों ने इवीएम से वोट डाला है. वहीं मतदान के दौरान उमवि पाहेपुर के पीठासीन
पदाधिकारी गीता प्रसाद सुधांशु को हृदयाघात के कारण बूथ संख्या 124 पर मतदान थोड़ी देर के लिये बाधित हुआ. मतदान के दौरान सीओ समीर कुमार शरण, बीडीओ भुवनेश मिश्र ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान के सफल संचालन को लेकर दिशा-निर्देश दिया. बिथान : प्रखंड में पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुआ. प्रखंड के सोहमा पंचायत के वार्ड 14 के लिए वार्ड सदस्य पद के लिए मतदान हुआ. बीडीओ आर राज ने बताया कि मतदान केंद्र संख्या-93 पर कुल 71 फीसदी लोगों ने मतदान किया.बता दें कि उक्त वार्ड में प्रत्याशी की मौत के कारण चुनाव रद्द हो गया था.
मतदान को लेकर लोगों में रहा उत्साह
मतदान को लेकर लोग सुबह से ही कतार में लगे रहे. हालांकि, पंचायत उप चुनाव होने के कारण कई बूथों पर मतदान को लेकर महिलाओं की उपस्थिति काफी नगण्य देखी गयी. इस दौरान प्रशासन के नियमों का उल्लंघन भी काफी हुआ. अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में चुनाव की पल-पल की जानकारी रखी जा रही थी. मतदान के बाद सभी इवीएम को सीलबंद कर प्रखंड कार्यालय स्थित व्रजगृह में रख दिया गया. बताते चलें कि जिप क्षेत्र संख्या 10 के लिए विगत पंचायत चुनाव में उम्मीदवार के निधन के कारण मतदान नहीं हो सका था.
