समस्तीपुर : अग्निशमन बैरक की छत का प्लास्टर बुधवार की सुबह अचानक टूट कर गिर गया. इससे अग्निशमन विभाग के जवान बाल-बाल बचे. मगर, इससे उनमें दहशत व्याप्त हो गया है. बताया गया कि वे लोग आम दिनों की भांति ही सोये हुए थे. इसी दौरान एका-एक किसी चीज के गिरने की आवाज हुई. जब उन लोगों ने उठ कर देखा तो चौकी पर प्लास्टर टूट कर गिरा था. जिस अग्निक जवान की चौकी पर प्लास्टर गिरा था,
वह भाग्यवश छुट्टियों में घर गया हुआ है. वहीं इसको लेकर अग्निकों मेें रोष देखा जा रहा था. इस बाबत जिला अग्निशमन पदाधिकारी तपेश्वर सिंह ने बताया कि छत की मरम्मत के लिए आदेश दिये गये हैं. अग्निशमन विभाग का कार्यालय यूरोपियन क्लब के वर्षों पुराने भवन में चल रहा है. यह भवन करीब 90 वर्ष पुराना है. भवन की हालत ऐसी है कि यह गिरने के कगार पर है. नये भवन के लिये जहां भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही है.
वहीं नौ अग्निशमन कर्मचारी इसी जर्जर भवन में रहने के लिये विवश हैं. यहां की हालत ऐसी है कि बारिश के दिनों में एक फुट तक जलजमाव भवन के अंदर हो जाता है. रहने वाले लोग अपने सामान को चौकी पर उठाकर रखते हैं. इसके अलावा प्लास्टर की खराब स्थिति से बचने के लिये मच्छरदानी लगाकर चौकी पर रखते हैं.
