शाहपुर पटोरी : उत्तरी धमौन गांव में गुरुवार की दोपहर में पानी से भरे एक गड्ढे से दो बच्चों की लाश निकाली गयी. दोनों बच्चे बुधवार की शाम घर से खेलने निकले थे. पटोरी पुलिस ने दोनों बच्चे का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है. दोनों बच्चों का शव गुरुवार की दोपहर में सोनावती रेशमा मध्य विद्यालय इनायतपुर के पीछे एक गड्ढे के पानी से ग्रामीणों ने बरामद किया. दारोगा निर्मल कुमार एवं एएसआइ राजेंद्र प्रसाद सिंह ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बच्चों की पहचान उत्तरी धमौन निवासी बिंदेश्वर राम के पुत्र गौरव (10) तथा राजेश राम के पुत्र सन्नी (9) के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे बुधवार की शाम एक साथ खेलने के लिए घर से निकले थे. रात तक नहीं लौटने पर घरवालों ने उनकी खोज शुरू की, परंतु सुबह तक उनका कोई पता नहीं चला.
गुरुवार को परिवार के लोगों ने लाउडस्पीकर से माईकिंग करायी. इस बीच कुछ बच्चे मध्य विद्यालय इनायतपुर के समीप खेलने पहुंचे वहां गड्ढे में एक बच्चे की तैरती लाश नजर आयी. शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने शव को निकाला. बाद में उसी गड्ढे से दूसरी लाश भी निकाली गयी. इस संबंध में गौरव के बड़े भाई गोविंद राम के बयान पर पटोरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इस घटना के बाद उत्तरी धमौन के हरिजन टोले में मातम पसर गया है.
