थानेश्वर मंदिर में डर से दूल्हे ने शादी से किया इनकार

समस्तीपुर : शहर के थानेश्वर मंदिर में बुधवार की दोपहर उस समय अजीबो-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब शादी की पूरी तैयारी के बाद अचानक दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया. इस घटना से स्तब्ध दुल्हन के परिजन दूल्हे को मनाने का प्रयास कर ही रहे थे कि अचानक दूल्हा बेहोश हो गया. इसके […]

समस्तीपुर : शहर के थानेश्वर मंदिर में बुधवार की दोपहर उस समय अजीबो-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब शादी की पूरी तैयारी के बाद अचानक दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया. इस घटना से स्तब्ध दुल्हन के परिजन दूल्हे को मनाने का प्रयास कर ही रहे थे कि अचानक दूल्हा बेहोश हो गया.

इसके बाद तो जैसे पूरा मंदिर परिसर ही अखाड़ा बन गया. एक तरफ दुल्हन के परिजन दूल्हे पर शादी नहीं करने को लेकर बहाना बनाने का आरोप लगा रहे थे. वहीं दूसरी तरफ दूल्हे की मां ने जबरदस्ती शादी करवाने का आरोप लगा कर मंदिर परिसर में हंगामा शुरू कर दी. इसके बाद मंदिर के पंडा ने घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी. घटना की सूचना पर पहुंचे सेक्टर जवानों ने पहले तो दूल्हा पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनने पर सभी को थाने पर लाया गया.

क्या था मामला , मोहनपुर निवासी मोती दास का पुत्र विनोद अपनी प्रेमिका के साथ बुधवार को थानेश्वर मंदिर में शादी करने पहुंचा था. लेकिन शादी से पहले ही विनोद के परिजनों को इसकी भनक लग गयी और दूल्हे के मां-बाप मंदिर में पहुंच गये. अचानक मां-बाप पर नजर पड़ते ही दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया और बेहोश होने का स्वांग रच कर सो गया. इधर, दूल्हे के परिजनों ने बेटा को बेहोश होते देख हंगामा शुरू कर दिया. मंदिर के पुजारियों के काफी समझाने के बाद भी जब मामला शांत नहीं हुआ तो मंदिर प्रशासन ने भीड़ पर पानी की बौछारें शुरू कर दीं. इसके बाद अचानक दूल्हा भी होश में आ गया और भीड़ भी तितर-बितर हो गयी.
क्या कहते हैं दुल्हन के परिजन
दुल्हन एवं उसकी भाभी का कहना था कि पिछले छह महीने से दानों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था. लड़की कुछ महीने पूर्व मोहनपुर अपने एक संबंधी के यहां गयी थी, वहीं विनोद के साथ उसकी पहली मुलाकात हुई. दोनों एक-दूसरे को प्यार करते थे इसलिए लड़की के परिजनों ने दोनों की शादी करवाने की ठानी. लड़के से पूछा गया तो वह शादी के लिए राजी हो गया. फिर सारी तैयारी की गयी और दोनों शादी के लिए मंदिर पहुंचे थे, लेकिन अचानक लड़के वालों के मंदिर पहुंच जाने के कारण लड़के ने डर से शादी करने से इनकार कर दिया.
क्या कहते हैं दूल्हा के परिजन
दूल्हा के पिता का कहना है कि उसके पुत्र को लड़की वालों ने जबरदस्ती शादी के लिए पकड़ लिया था. उसने अपने पुत्र की शादी के लिए दूसरे जगह लड़की देख रखी है. वहीं लड़का कुछ भी नहीं बोल रहा था. नगर थाना पुलिस दोनों पक्षों से दूल्हा-दुल्हन के साथ थाने पर बैठाकर पूछताछ कर रही है. पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों को पहले सामाजिक स्तर पर समझाने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि, इस मामले में समाचार प्रेषण तक किसी पक्ष ने पुलिस से लिखित शिकायत नहीं की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >