तीन दिनों में भारी वर्षा की संभावना
वर्षा के दौरान तेज हो सकती है हवा की रफ्तार
समस्तीपुर : जिले में मंगलवार की सुबह हुई हल्की वर्षा के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है. करीब दो डिग्री सेल्सियस पारा नीचे लुढ़क गया है. इससे आम लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, वहीं दिन भर जारी धूप छांव ने राहगीरों पर बड़ी रहम की. राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी डाॅ. ए सत्तार का बताना है कि माॅनसून के आगमन से पूर्व उतर बिहार के जिलों में अगले 24 से 72 घंटों में अच्छी वर्षा की संभावना है. दरभंगा, गोपालगंज, मधुवनी, मुजफ्फपुर, पूर्वी तथा पश्चिमी चंपारण,
शिवहर, सीतामढ़ी एवं सिवान जिलों में अगले तीन दिनों के अंदर औसतन 40 से 70 मिली मीटर तक वर्षा की संभावना है. कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है. बेगूसराय एवं समस्तीपुर जिलों में हल्की वर्षा की संभावना है. पूर्वानुमान की अवधि में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस बीच रहने का अनुमान है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 37़ 4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23़ 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
