सड़क दुर्घटना. दाहसंस्कार में जा रही टाटा 407 पलटी
दलसिंहसराय : थाना क्षेत्र के बसढ़िया गांव से दाह संस्कार में सिमरिया गंगा तट जा रही टाटा 407 गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गयी़ घटना एनएच 28 के तेघड़ा के पीपरा चौक व जीरोमाइल के बीच घटी़ हादसे में बसढ़िया गांव के शंभूनाथ राय के पुत्र वेद प्रकाश सुमन उर्फ मुन्ना 18 वर्ष की मौत हो गयी़ वहीं राम प्रवेश राय, हीरा लाल राम, राम गुलाम राय, महराज महतो व सुधीर कुमार राय गंभीर रूप से जख्मी हो गये, जिन्हें निजी स्तर पर चिकित्सा करायी जा रही है़
घटना में टाटा सवार करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के चोटिल होने की बात कही जा रही है़ ग्रामीणों का बताना है कि शंभूनाथ राय की मां विमला देवी के असामयिक
निधन के बाद सभी लोग दाह संस्कार के लिये उसे सिमरिया ले जा रहे थे़ इसी दौरान घटनास्थल के समीप पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया़ इसमें मृतका का पोता वेद प्रकाश
गंभीर रूप से जख्मी हो गया़ उसे इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया गया़ जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया़ वहीं घटना में अन्य घायलों की चिकित्सा चलने की बात बतायी गयी़ घटना की खबर मिलते ही उक्त गांव व मृतक का परिवार शोकाकुल हो उठा़ परिजनों की करूण चित्कार से पूरा माहौल गमगीन बना है़
