दुस्साहस. टिकट जांच के दौरान भगवानपुर देसूआ स्टेशन पर हुई घटना
पीड़ित यात्रियों ने टिकट रहने के बावजूद जुर्माना लेने का आरोप लगाते हुए जीआरपी में आवेदन दिया है़ हालांकि, थानाध्यक्ष के नहीं रहने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है़ उधर, दैनिक यात्री संघ ने डीआरएम से दोषी टीटीइ पर कार्रवाई की मांग की है़
समस्तीपुर : सहरसा-समस्तीपुर 55555 अप सवारी गाड़ी में शनिवार सुबह भगवानपुर देसूआ स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान टीटीइ द्वारा टिकट रहने के बावजूद जुर्माना वसूने व प्रतिरोध करने पर यात्री से मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है.
इस मामले में पीड़ित यात्रियों ने जीआरपी थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है. हालांकि, थानाध्यक्ष के नहीं रहने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पायी है. उधर, घटना के विरोध में दैनिक यात्री संघ के राकेश कुमार तिवारी ने डीआरएम से दोषी टीटीइ पर कार्रवाई करने अथवा आंदोलन की धमकी दी है.
घटना के संबंध में पीडि़त यात्री जिले के बिथान थाने के पुसहे निवासी सरोज कुमार,महेश कुमार, मनजय कुमार, जय कुमार ने बताया कि वे लोग हसनपुर स्टेशन पर समस्तीपुर तक का टिकट लेकर ट्रेन में सवार हुए. एक जगह सीट नहीं मिलने के कारण चारों एक ही बोगी में अलग-अलग बैठ गये.
भगवानपुर देसूआ स्टेशन पर चेकिंग के दौरान टीटीई ने टिकट की मांग की. सरोज का आरोप है कि उसने टीटीई से कहा टिकट उसके मित्र के पास है. इस पर उन्होंने 280 रुपये का जुर्माना काट कर रसीद थमा दी. जब सरोज ने इसका विरोध किया तो टीटीइ ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
हालांकि, उक्त ट्रेन में चेकिंग कर रहे टीटीइ ने मारपीट की घटना से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि यात्री बेटिकट थे जिस कारण उनसे जुर्माना की राशि ली है. उधर, सीनियर डीसीएम बीएनपी वर्मा ने बताया कि यात्री से मारपीट की जानकारी उन्हें नहीं है. अगर यात्री से मारपीट हुई है तो मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी.
