शिवाजीनगर : प्रखंड के करियन गांव में पीने का पानी को ले लोग दर दर भटकने को मजबूर हो गये हैं. महादलित टोले मे कई चापाकल से पानी देना बंद हो गया है. इधर टोले के समीप कुआं के गंदे पानी से लोग किसी तरह स्नान कर गर्मी से निजात पाते हैं. वहीं पशुपालकों को मवेशी को नहाने धोने में काफी परेशानी आ रही है.
ग्रामीण कौशल्या देवी, कलिया देवी, विमली देवी, लुखिया देवी, राम जतन राम, श्याम लाल राम, रणवीर राम, मीना देवी, नरेश राम, राम बालक राम, सोनदाय देवी, पवन राम सहित दर्जनों लोगों ने बतलाया कि पानी की समस्या को ले कभी कभी हम लोग घरों मे रखे बासी पानी पीने को मजबूर हो जाते हैं. आसपास कहीं भी सरकारी चापाकल नहीं होने से दूसरे के अंगना में पानी के लिये जाना पड़ता है.
पानी की समस्या होने से हम लोगांे के रोजमर्रा की जिंदगी जीने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है. पूर्व के गर्मी महीने में वे लोग कई बार पानी की समस्या को ले विभागीय पदाधिकारी से शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन कोई पहल नहीं की गयी. जबकि विधानसभा चुनाव में कई राजनेताआें ने जीत के बाद टोले में स्वच्छ पानी मुहैया कराने का भरोसा दिलाया था. जीत के बाद अब दर्द को कोई सुनने नहीं आते हैं.
