हादसे में कंपाउंडर की मौत

घटना. टैंकर ने मोहनपुर में बाइक सवार को कुचला पुलिस के साथ भीड़ ने की धक्का-मुक्की मुफस्सिल थाने के मोहनपुर में हुई घटना समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर में सोमवार को टैंकर की ठोकर से बाइक सवार कंपाउंडर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान पटोरी थाना क्षेत्र के […]

घटना. टैंकर ने मोहनपुर में बाइक सवार को कुचला

पुलिस के साथ भीड़ ने की धक्का-मुक्की
मुफस्सिल थाने के मोहनपुर में हुई घटना
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर में सोमवार को टैंकर की ठोकर से बाइक सवार कंपाउंडर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान पटोरी थाना क्षेत्र के शाहपुर उंडी निवासी नित्यानंद ठाकुर के 35 वर्षीय पुत्र अमित कुमार ठाकुर उर्फ लड्डु के रूप में की गयी है.
मृतक शहर के एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के रूप में कार्य करता था. घटनास्थल पर मौजूद भीड़ ने जमकर बवाल काटा. इस दौरान लोगों ने सड़क जाम कर आवागमन को बाधित कर दिया साथ ही दुर्घटनाग्रस्त टैंकर में जमकर तोड़फोड़ की. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को भीड़ के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा. इस दौरान कुछ पुलिस कर्मियों के साथ लोगों ने धक्का-मुक्की भी की.
बताया जाता है कि अमित अपने बुलेट मोटरसाइकिल से समस्तीपुर शहर की ओर आ रहे थे. इसी दौरान मोहनपुर में हड्डी अस्पताल के समीप पीछे से आ रही एक टैंकर ने ठोकर मार दी. जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी.
शव की स्थिति को देखते ही स्थानीय लोग भड़क उठे. पहले तो कुछ लोगों ने टैंकर के चालक को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर टैंकर को छोड़ भागने में सफल हो गया. चालक के भागने के बाद भीड़ आक्रोशित हो गयी. हालांकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले ही पुलिस ने भीड़ को काबू में कर लिया. पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया था.
इधर, स्थिति गंभीर होते देख घटनास्थल पर मुफस्सिल एवं नगर थाना पुलिस के साथ-साथ काफी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया था. पुलिस के काफी समझाने के बाद भी लोग जाम हटाने को राजी नहीं थे. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन की व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. लगभग ढ़ाई घंटे तक मुसरीघरारी-समस्तीपुर पथ पर वाहनों का आवागमन पुरी तरह से बाधित रहा.
बाद में घटना की सूचना पर पहुंचे सदर एसडीओ केडी प्रज्जवल, डीएसपी तनवीर अहमद, नगर थानाध्यक्ष कुमार कीर्ति, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार, सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार आदि ने काफी प्रयास के बाद भीड़ को शांत किया, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और आवागमन को चालू कराया.
समाचार प्रेषण तक घटना की प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही थी.
आक्रोशित भीड़ ने टैंकर में की तोड़फाेड़
रफ्तार पर लगे ब्रेक: शहर में वाहन दुर्घटनाओं में हो रही बढ़ोत्तरी को लेकर शहर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाने की मांग की है. इनौस के जिलाध्यक्ष सुुरेंद्र प्रसाद सिंह एवं आइसा नेता विवेक मिश्रा ने जिला प्रशासन से मृतक के परिवार को मुआवजा देने के साथ-साथ शहर की सड़कों पर स्पीड निर्धारित करने, दोषी चालक की गिरफ्तारी, शहर में ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था को और दुरुस्त करने आदी की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >