समस्तीपुर : भारतीय जनता पार्टी के ग्रामीण मंडल ईकाई ने रविवार को सरकारी बस पड़ाव में बिहार सरकार के कृषि मंत्री का पुतला दहन किया. कार्यकर्ता बिहार सरकार पर किसान विरोधी नीतियों को अपनाने का आरोप लगा रहे थे. पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नीतीश सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की. इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्टेडियम गोलंबर से एक प्रतिरोध मार्च भी निकाला जो सरकारी बस पड़ाव में पहुंचकर प्रतिरोध सभा में तब्दील हो गयी.
इसकी अध्यक्षता पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह एवं संचालन मीडिया प्रभारी राकेश कुमार ठाकुर कर रहे थे. वक्ताओं ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बिहार सरकार ने किसान व जन विरोधी नीति अपना रखी है. संपूर्ण प्रदेश में आज भ्रष्टाचार व अराजकता का आलम है. किसानों को डीजल अनुदान, फसल क्षतिपूर्ति अनुदान के लिए कृषि विभाग के पदाधिकारियों का चक्कर लगाना पड़ता है.
सरकारी नलकूप पूर्णत: खराब है. इस मौके पर मुख्य अतिथि के रुप में प्रांतीय नेता चंदन कुमार के साथ-साथ रंजीत कुमार रम्भु, सुरेंद्र प्रसाद राय, अमित कुमार लड्डू, लालमोहन सहनी, मनीष कुमार गांधी, रवि झा, प्रदीप कुमार सिंह, सुशील ठाकुर, राजकमल ठाकुर, मनोज कुमार राय, हेमंत मिश्र एवं संजय राय सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
