सदर अस्पताल में कई खामियां देख स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक ने चिंता जतायी. उन्होंने इसमें जल्द सुधार लाने का निर्देश दिया. वहीं स्वास्थ्य कर्मियों को हमेशा ड्रेस कोड में रहने की हिदायत दी.
समस्तीपुर : स्वास्थ्य विभाग पटना के अपर निदेशक डाॅ नरेश कुमार ने बुधवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी बिना सूचना गायब मिले. अपर निदेशक ने अनुपस्थित चिकित्सकों की हाजरी काटने का निर्देश दिया. साथ ही उनसे स्पष्टीकरण पूछ कर कार्रवाई करने को भी कहा. बुधवार की सुबह करीब ग्यारह बजे अपर निदेशक सदर अस्पताल पहुंचे. पटना की टीम पहुंचने की खबर मात्र से ही अस्पताल परिसर में हलचल
सी मच गयी.
स्वास्थ्यकर्मी के साथ-साथ चिकित्सक भी जल्दी-जल्दी अपने स्थल पर पहुंचने लगे. इधर, अपर निदेशक सबसे पहले ओपीडी पहुंचे. ओपीडी के निरीक्षण के दौरान कई चिकित्सक अपने स्थान पर नहीं मिले, लेकिन मरीजों की संख्या काफी देखी गयी. इस दौरान अधिकारी ने ओपीडी भवन के प्रत्येक विंग की बारीकी से जांच की.
इसके बाद अधिकारियों की टीम गैनिक वार्ड का निरीक्षण किया. वार्ड में गंदगी एवं भीड़-भाड़ देख कर उन्होंने संबंधित अधिकारी को व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया.
इसके बाद लेबर रूम, ओटी, जनरल वार्ड, शिशु वार्ड, महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, एसएनसीयू व इमरजेंसी का भी निरीक्षण किया गया. लेबर रुम में साफ-सफाई पर ध्यान देते हुए परिजनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया. ऑपरेशन थियेटर के निरीक्षण के दौरान उसमें रखे पुराने औजारों को बदलने की आवश्यकता जतायी.
वहीं आपातकालीन विभाग में दवाई की समुचित व्यवस्था करने व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया. अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को देख अपर निदेशक ने चिंता जतायी. साथ ही इसमें जल्द सुधार लाने का निर्देश दिया. खासकर चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों को हमेशा ड्रेस कोड में रहने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक के साथ-साथ उपाधीक्षक डाॅ एएन साही, डाॅ एवी सहाय, डाॅ अनुरंजन, डाॅ डीके शर्मा के साथ साथ अस्पताल प्रबंधक विश्वजीत रामानंद सहित कई मौजूद थे.
