समस्तीपुर : इंटर परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने हर हाल में कदाचार मुक्त परीक्षा के आयोजन करने की हिदायत शिक्षा विभाग को दी है.
साथ ही ऐसे वीक्षकों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है, जो परीक्षा के नियमों को अनदेखा करते पाये जायेंगे. उन्होंने परीक्षार्थियों को कदाचार मुक्त व शांति से परीक्षा देने का अनुरोध किया है. अगामी 24 फरवरी से विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर इंटर परीक्षा की शुरुआत होने जा रही है.सभी परीक्षार्थियों की जांच परीक्षा केंद्र मुख्य द्वार पर की जायेगी.
साथ ही परीक्षा हॉल के अंदर भी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व केंद्राधीक्षक परीक्षार्थियों की जांच करेंगे. छात्राओं की जांच महिला दंडाधिकारी व कर्मी करेंगे. इसके लिए महिला परीक्षार्थियों के केंद्र पर महिला पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है. परीक्षार्थियों को भवन के अंदर बैग, थैला, मोबाइल, किताब आदि ले जाने पर पाबंदी रहेगी. वहीं परीक्षा की निगरानी के लिये सभी परीक्षा केंद्रों पर चार सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं, जो प्रत्येक केंद्र पर निगाह रखेंगे. इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के चारों ओर असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जायेगी. सभी परीक्षा केंद्र के पास धारा 144 लगा दी गयी है. मोबाइल की मदद से नकल को रोकने के लिए एसडीओ व जिला शिक्षा पदाधिकारी को आदेश दिया गया है.
समरी ट्रायल . कदाचार करने व कराने वाले व्यक्ति को अविलंब गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया है. साथ ही इनके खिलाफ बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के तहत अविलंब कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है. इसके लिए समस्तीपुर सदर अनुमंडल में नगर थाना, रोसड़ा अनुमंडल थाना में रोसड़ा थाना, दलसिंहसराय अनुमंडल में दलसिंहसराय थाना व पटोरी अनुमंडल में पटोरी थाना में ऐसे मामले दर्ज कर समरी ट्रायल चलाया जायेगा.
