मोहनपुर : ओपी क्षेत्र के बघड़ा दियारा मोड़ के निकट रविवार की संध्या ऑटो चालक की पिटाई का विरोध करने पर एक युवक को लोगों ने बुरी तरह पीट दिया. इसके विरोध में युवक के ग्रामीणों ने जमकर फायरिंग की. इसमें मोहनपुर के कोकिल राय के दाहिना हाथ में गोली लगी है.
उसका स्थानीय पीएचसी में इलाज चल रहा है. इस बाबत पूछे जाने पर ओपी अध्यक्ष राजा ने बताया कि कोई आवेदन नहीं मिला है. आवेदन
मिलने पर कार्रवाई की जायेगी. घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों का बताना है कि रविवार की शाम बघड़ा के दियारा मोड़ के समीप ऑटो से एक महिला जख्मी हो गयी. इससे आक्रोशित स्थानीय लोग टेंपो चालक की पिटाई करने लगे. टेंपो में बैठे चपड़ा लंका टोल के एक युवक को यह नागवार गुजरा. उसने टेंपो चालक की पिटाई का विरोध किया. इस पर लोगों ने उसकी ही पिटाई कर दी.
किसी तरह युवक ने इसकी जानकारी अपने परिजनों व ग्रामीणों को दी. जानकारी मिलते ही दर्जनों की संख्या में चपड़ा के ग्रामीण और युवक के परिजन हथियार से लैश होकर दियारा मोड़ पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे. इसमें एक गोली मोहनपुर के कोकिल राय के दाहिना हाथ में लगी. ग्रामीणों ने स्थानीय लोगों की भी जमकर पिटाई की. कुछ देर के लिये दियारा मोड़ रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. इसमें दियारा मोड़ के भोला राय, रंधीर राय,धर्मवीर राय धर्मजीत राय व ललिता देवी का स्थानीय पीएचसी में इलाज चल रहा है.
वहीं कुछ लोगों का बताना है कि इस मारपीट में चपड़ा निवासी प्रमोद राय व नागेंद्र राय भी घायल हुए हैं जिन्हें परिजन इलाज के लिये निजी क्लिनिक में ले गये हैं. घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है.
