समस्तीपुर : सोमवार को जमालपुर किऊल रेलखंड पर अदलपुर हॉल्ट पर भागलपुर दानापुर इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से चार छठव्रती महिलाओं की मौत हो चुकी है. इसे लेकर समस्तीपुर रेलमंडल के डीआरएम रवींद्र कुमार जैन ने छठ के दौरान घाट के समीप गुजरने वाली लाइन पर कॉशन से ट्रेन चलाने का निर्देश दिया है. डीआरएम ने बताया कि घाट किनारे से गुजरने वाली रेललाइन को चिह्नित कर लिया गया है.
26 अक्तूबर को को दोपहर दो से रात आठ बजे एवं 27 अक्तूबर को सुबह तीन से सुबह 10 बजे तक नियंत्रित होकर सभी ट्रेनें चलेंगी. इस दौरान घाट से सटे रेल लाइन पर ट्रेनों की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी. वहीं अन्य जगहों पर ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी. समस्तीपुर रेलमंडल की ओर से सतर्कता बरतने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसके बावजूद उन्होंने छठ के दौरान श्रद्धालुओं से रेल लाइन से दूरी बनाये रखने की अपील की है. कहा कि सतर्कता से ही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा.
