समस्तीपुर : अब मौसम का मिजाज शुष्क बना रहेगा. आसमान भी साफ दिखेगा. दिन के तापमान में हल्की गिरावट आयेगी. इसके विपरीत रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे उतर सकता है. डाॅ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र से आगामी 29 अक्तूबर तक के लिए जारी पूर्वानुमान में यह संकेत दिये गये हैं. नोडल पदाधिकारी डाॅ ए. सत्तार का कहना है कि पूर्वानुमान की अवधि में दिन का तापमान एक डिग्री सेल्सियस नीचे उतर सकता है.
वहीं, मौसम का रुख बता रहा है कि रात का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे उतर सकता है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इससे ठंड का अहसास होना शुरू हो जायेगा. औसतन तीन से चार किलो मीटर प्रति घंटा की गति से अगले दो दिनों तक पछिया हवा चलेगी. इसके बाद फिर से पुरवा हवा चलने की संभावना है. मौसम के मिजाज को भांपते हुए विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए आवश्यक सुझाव दिये हैं. मक्का बुआई के लिए खेत की तैयारी तेजी से करने का सुझाव दिया.
