समस्तीपुर : व्यवसायियों को लूटने की योजना बनाते तीन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार करने वाले सेक्टर मोबाइल को पुलिस महकमे ने लाइन हाजिर कर दिया है. इसके पीछे वजह क्या है इसकी जानकारी विभागीय स्तर पर कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है.
बता दें कि बुधवार की रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सोनेलाल ढाला के पास से सेक्टर मोबाइल गणेश ने अपने साथी सेक्टर मोबाइल के साथ तीन अपराधकर्मियों को दबोच लिया.
उसके पास से तीन हथियार व 10 कारतूस भी बरामद किये. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस अधीक्षक दीपक रंजन व सदर डीएसपी तनवीर अहमद के नेतृत्व में बिथान व हसनपुर थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी की गयी. इस दौरान पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बिथान के सखवा निवासी बिट्टू कुमार, अमरजीत कुमार व जितेंद्र कुमार के रूप में की गयी है. सखवा के फोकसिया यादव को भी नामजद किया गया है.
इसमें कहा गया है कि अपराध करने के लिए इन अपराधियों को फोकसिया ने ही हथियार मुहैया कराया है. इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस महकमा काफी खुश था. इसी बीच विभाग ने सेक्टर मोबाइल को लाइन हाजिर कर दिया. इतनी बड़ी उपलब्धि के बाद पुलिस विभाग के द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित नहीं की गयी. शुक्रवार को अपराधियों के साथ महज तस्वीर खिंचा कर इसकी खानापूर्ति कर ली गयी. बता दें कि एक महीने पूर्व इसी सेक्टर मोबाइल का तबादला हुआ था. लेकिन थाने से इसे कमान नहीं दिया गया था. इसके कारण वे मुफस्सिल थाने में ही जमे रहे. इधर, संपर्क करने पर डीएसपी मो तनवीर ने कुछ बताने से परहेज किया है.
