कैग की रिपोर्ट में रेलवे की खानपान सेवा पर सवाल उठने के बाद बोर्ड ने बढ़ा दी थी सख्ती, िफर भी मिला कीड़ा
समस्तीपुर : रेलवे बोर्ड की सख्ती के बावजूद बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन के पेंट्रीकार कर्मियों के द्वारा बुधवार की रात यात्रियों को परोसे गये भोजन में कीड़ा निकला है. रेल यात्री जब भोजन में पड़े कीड़ा को दिखाने पेंट्रीकार में गये, तो उसके मैनेजर ने सबूत मिटाने के लिए खाना को ट्रेन से बाहर फेंक दिया. रेल मंत्रालय से शिकायत होने की भनक मिलने पर मैनेजर यात्री से शिकायत वापस लेने के लिए धमकाने लगे. मंत्रालय ने भी मामले में तत्परता नहीं दिखाई. बता दें कि खानपान सेवा पर कैग की ओर से सवाल उठाये जाने के बाद रेलवे बोर्ड ने सख्ती बढ़ा दी थी. बोर्ड के निर्देश पर खानपान की गुणवत्ता में सुधार के लिए देशभर में अभियान चलाया जा रहा है.
यात्री मो आजाद अली अपने परिवार के साथ छपरा से नई दिल्ली जाने के लिए बिहार संपर्क क्रांति ट्रेन के एस 9 कोच में सवार हुए थे. भूख लगने पर बुधवार की रात उन्होंने पेंट्रीकार के वेंडर से खाना लिया. उसे खाने लगे तो उसमें कीड़ा दिखा. उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल से उसकी तसवीर ले ली और खाना लेकर पेंट्रीकार में पहुंच गये. वहां मैनेजर ने खाना को ट्रेन से बाहर फेंक दिया और यात्री को कीड़ा मिलने का सबूत दिखाने के लिए कहने लगे. देर रात यात्री अपने मोबाइल से ली हुई तसवीर मंत्रालय को भेजकर इसकी शिकायत की. लेकिन, तुरंत ही पेंट्रीकार मैनेजर को इसकी सूचना मिल गयी और वह यात्री को शिकायत वापस लेने के लिए धमकाने लगा. वहीं मंत्रालय ने मामले पर कार्रवाई के निर्देश पूर्व मध्य रेल के जीएम को दिये, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं की गयी.
50 बार से ज्यादा हो चुका है जुर्माना
अधिकारियों की मानें, तो बिहार संपर्क क्रांति ट्रेन के पेंट्रीकार संचालक को पिछले दो वर्षों में 50 से भी अधिक बार अधिकारियों की जांच के दौरान कमी पाये जाने पर जुर्माना हो चुका है. इसके बावजूद संचालक यात्रियों को घटिया खाना परोस रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार, पेंट्रीकार संचालक पिछले दो वर्षों में चार लाख रुपये से ज्यादा की राशि बतौर जुर्माना दे चुके हैं.
खाना में कीड़ा मिलने का मामला संज्ञान में आया है. जांच चल रही है. दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी.
वीरेंद्र कुमार, सीनियर डीसीएम, समस्तीपुर रेलमंडल
महिला यात्री ने ब्रेकफास्ट को बताया बेकार
गुरुवार को सीनियर डीइ आरके सक्सेना ने जब बिहार संपर्क क्रांति डाउन के खानपान सेवा की ट्रेन के यात्रियों से फीडबैक लिया, तो बी-1 कोच की 63 नंबर बर्थ पर सफर कर रही महिला यात्री चांदनी ने पेंट्रीकार से मिले ब्रेकफास्ट को बेकार बताया. बिहार संपर्क क्रांति अप के पेंट्रीकार पर 25 हजार रुपये जुर्माना किया गया.
