रोसड़ा : लुटेरा गिरोह ने राजधानी पटना से रोसड़ा लौट रहे रोसड़ा के वार्ड पार्षद सीमा भारती के भैंसुर रमेश सहनी से नशीला पदार्थ पिलाकर 30 हजार रुपये नकद व मोबाइल समेत 50 हजार के सामान लूट लिये. घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार अपराधियों ने उसे बेहोशी की हालत में वैशाली जिले के देसरी थाना इलाके में सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया. गड्ढे में पानी नहीं था, जिस वजह से उसकी जान बच गयी. गुरुवार सुबह शौच को निकले स्थानीय लोगों की रमेश सहनी पर पड़ी. लोगों की सूचना पर देसरी पुलिस मौके पर पहुंच बेहोशी की हालत में उसे स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भरती कराया.
उसके होश आने पर देसरी पुलिस ने घटना की सूचना रोसड़ा पुलिस व परिजनों को दी. सूचना पाकर परिजन देसरी पहुंच बेहतर इलाज के लिए उसे पटना ले गये. बताया गया कि बुधवार को रमेश सहनी किराना कारोबार के सिलसिले में खरीदारी करने के लिए बस से पटना गया था. शाम छह बजे के करीब वापस रोसड़ा लौटने के लिए बस पकड़ने वह अगमकुआं ब्रिज पर खड़ा था. तभी कार पर सवार अपराधी रोसड़ा चलने की बात कह चकमा देकर उसे कार में बैठा लिया. कुछ दूर चलने पर अपराधी उसे नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया. फिर, उसके पास से तीस हजार रुपये नकद, मोबाइल व 20 किलो इलायची लूट लिये. लूट की घटना को लेकर लोकल थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराया गया है.
