बवाल. कल्याणपुर के रामपुरा की घटना, मदरसा पथ को लेकर दो गुट भिड़े
समस्तीपुर-दरभंगा पथ को ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे तक किया जाम
कल्याणपुर : थाना क्षेत्र के रामपुरा स्थित मदरसा को जोड़ने वाली सड़क का सीमांकन नहीं होने को लेकर पिछले ढाई सालों से दो गुट आमने-सामने हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को दोनों गुटों में तनाव बढ़ा, जिसमें एक गुट की महिला ने मारपीट के साथ अमर्यादित व्यवहार करने का भी आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगायी है. इसमें गांव के ही कतिपय लोगों के द्वारा जबरन निजी जमीन से सड़क चालू करने की भी बात कही है़
वहीं सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस ने दूसरे गुट के लोगों पर सख्ती बरतते हुए जमीन के सीमांकन होने तक विवाद से दूर रहने की नसीहत दी. पुलिस के लौटते ही दूसरे गुट के दर्जनों लोगों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कल्याणपुर पूसा मुख्य पथ को कल्याणपुर गांव के समीप जाम कर दिया और प्रशासन विरोधी नारेबाजी करने लगे. इसी बीच जाम में से ही कुछ लोगों ने समस्तीपुर दरभंगा मुख्य पथ को कल्याणपुर चौक पर करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर दिया. इससे आवागमन भी प्रभावित रहा. सड़क जाम की सूचना मिलते ही पहुंचे पदाधिकारियों व पुलिस बल को देखते ही आक्रोशित लोग उग्र हो गये और पुलिस बल को खदेड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद थानाध्यक्ष अमजद अली, एसआइ रामलखन सिंह, विनोद कुमार यादव, आशुतोष शर्मा सहित पूर्व मुखिया रामबाबू राय, मधुरापुर टांड़ा के पूर्व मुखिया चंदेश्वर प्रसाद चंदू जी सहित अन्य बुद्धिजिवियों व समाजसेवियों के अथक प्रयास के बाद लोगों को समझाने में कामयाब हुए. इसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ. जानकारी के अनुसार, रामपुरा स्थित मदरसा को जोड़ने वाली सड़क की शुरुआत में मो रकीम की पत्नी रोजिदा का घर है, जो उक्त सड़क की जमीन को अपनी निजी जमीन बता रही है. इसको लेकर अंचल के द्वारा सीमांकन होने की बात रोजिदा ने बतायी है़
ग्रामीणों का कहना है कि रोजिदा जानबूझ कर सड़क की जमीन को अतिक्रमित कर अवैध कब्जा किये हुए है. इसके कारण मदरसा में पढ़ रहे बच्चे को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है़ इस मामले के संबंध में सीओ प्रवीण कुमार सिन्हा से संपर्क नहीं होने के कारण उनका गुट नहीं जाना जा सका़ थानाध्यक्ष अमजद अली ने कहा कि मामला भूमि विवाद से संबंधित है. अंचल से संपर्क कर जल्द ही मामले का निबटारा कर दिया जायेगा.
