मृत व्यवसायी की पत्नी से पुलिस को मिले अहम सुराग
समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम के गिट्टी व्यवसायी हत्याकांड में दो दिनों बाद भी पुलिस का हाथ खाली है, जबकि मरने से पूर्व व्यवसायी ने गोली चलाने वाले दो अपराधियों का नाम लिया था. यहां तक की हत्याकांड में रविवार शाम तक प्राथमिकी भी दर्ज नहीं हो पायी है. हालांकि, पुलिस ने इस दौरान मरने से पूर्व […]
समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम के गिट्टी व्यवसायी हत्याकांड में दो दिनों बाद भी पुलिस का हाथ खाली है, जबकि मरने से पूर्व व्यवसायी ने गोली चलाने वाले दो अपराधियों का नाम लिया था. यहां तक की हत्याकांड में रविवार शाम तक प्राथमिकी भी दर्ज नहीं हो पायी है. हालांकि, पुलिस ने इस दौरान मरने से पूर्व व्यवसायी द्वारा बताये गये दो अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी की है. पुलिस को उसकी गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली. उधर, पुलिस अधीक्षक नवल किशोर सिंह ने कहा कि अपराधी चाहे जहां भी होगा, पुलिस उसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर लेगी. एसपी ने बताया कि पुलिस इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
दोषी किसी को भी छोड़ा नहीं जायेगा. इस घटना में रविवार शाम तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होने से भी चर्चाओं का बाजार गर्म है. पुलिस का कहना है कि पीड़ित का फर्द बयान पटना पुलिस ने लिया था. जिसकी प्रति अभी तक जिला पुलिस को नहीं मिली है. वैसे माना जा रहा है कि देर शाम तक फर्द बयान की प्रति मिलते ही पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर लेगी.
गौरतलब है कि शुक्रवार रात अपराधियों ने कर्पूरीग्राम गांव में टावर कैंपस में सो रहे गिट्टा व्यवसायी ठाकुर उमाशंकर सिंह उर्फ गब्बर सिंह को गोलियों से छलनी कर दिया था. पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी थी. शनिवार देर शाम पटना से शव पहुंचने पर परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया.
पत्नी से मुफस्सिल पुलिस ने की पूछताछ : हत्याकांड में पुलिस ने देर रात गिट्टी व्यवसायी उमाशंकर की पत्नी से पूछताछ की है. जिसमें हत्या से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस को मिला है. जिस पर पुलिस ने कार्य शुरू कर दिया है. हालांकि व्यवसायी की पत्नी ने क्या बयान दिया है इसे पुलिस ने सर्वजनिक करने से इंकार किया है. पुलिस का कहना है कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि व्यवसायी की पत्नी से पुलिस ने लंबी बातचीत की है हालांकि वह अभी सदमे में है जिससे सही से कुछ नहीं बता पा रही थी. फिर भी उसका बयान इस घटना में अह्म है.
गिट्टी व्यवसायी हत्याकांड
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर हुई छापेमारी
शनिवार शाम पटना से लाश पहुंचने पर परिजनों ने किया अंतिम संस्कार
हत्याकांड में रविवार देर शाम मुफस्सिल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. व्यवसायी की पत्नी चंचला सिंह द्वारा पटना पुलिस के समक्ष दिये गये बयान के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में शत्रुघ्न कुमार समेत पांच लोगों को आरोपित किया गया है. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि संपत्ति विवाद के कारण अभियुक्तों ने साजिश कर उसके पति की हत्या कर व करवा दी है. बता दें कि स्व. सिंह की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है. पहली पत्नी से उसे सिर्फ एक बेटा है. चंचला दूसरी पत्नी है. इससे अबतक संतान नहीं हुए हैं.