बंधक युवकों को छुड़ाने गयी डायल 112 की टीम पर ग्रामीणों का हमला, पूर्व वार्ड सदस्य गिरफ्तार

डायल 112 की टीम पर ग्रामीणों का हमला,

सिमरी बख्तियारपुर . बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हिंदूपुर गांव स्थित वार्ड संख्या 08 में बंधक बनाए गये दो युवकों को छुड़ाने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर उग्र ग्रामीणों ने हमला कर दिया. भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ न सिर्फ धक्का-मुक्की की, बल्कि सरकारी काम में बाधा भी डाली. इस मामले मे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पूर्व वार्ड सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. फोटो खींचने के आरोप में बनाया था बंधक मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजकर 52 मिनट पर डायल 112 की टीम को सूचना मिली कि हिंदूपुर गांव में ग्रामीणों ने दो युवकों को एक घर में बंधक बना रखा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पूछताछ की तो युवकों की पहचान कहरा के सिरादेय पट्टी निवासी भैरव कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई. वहीं ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों युवक बिना इजाजत घर में घुसकर मोबाइल से तस्वीरें खींच रहे थे, जिसके कारण उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया. समझाने पर उग्र हुई भीड़, पुलिस से हाथापाई घटनास्थल पर पहले से ही भारी भीड़ जमा थी. जब पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझा – बुझाकर कानून हाथ में न लेने की हिदायत दी तो भीड़ अचानक उग्र हो गयी. आरोप है कि महिलाओं सहित कुछ ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और धक्का- मुक्की शुरू कर दी. हालांकि भारी विरोध और तनाव के बीच पुलिस ने सूझबूझ का परिचय दिया और दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले आयी. वीडियो फुटेज से हुई हमलावरों की पहचान इस दुस्साहसिक घटना के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है. स्थानीय चौकीदार की मदद और मौके के वीडियो फुटेज खंगालकर हमलावरों की शिनाख्त की गयी. पुलिस ने बख्तियारपुर थाना में डायल 112 पर कार्यरत सअनि मो आसिफ अनवार खां के बयान पर 5 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. बख्तियारपुर के थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मुख्य आरोपी निर्मल यादव उर्फ ढालों को गिरफ्तार कर लिया गया है. रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल अन्य अज्ञात व नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, जल्द ही सभी को सलाखों के पीछे भेजा जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >