सहरसा शहर को सुव्यवस्थित, सुंदर और यातायात के दृष्टिकोण से सुविधाजनक बनाने के लिए नगर निगम ने एक बड़ी कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है. वीर कुंवर सिंह चौक के समीप स्थित राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के दक्षिणी हिस्से से जज कॉलोनी तक सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा. इसी योजना के तहत हवाई अड्डे के समीप से एडीएम आवास होते हुए वीर कुंवर सिंह चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए मिट्टी भराई का काम भी प्रारंभ कर दिया गया है. इस पहल से शहर के मुख्य मार्ग का स्वरूप पूरी तरह बदलने की उम्मीद है.
छोटे दुकानदारों को मिलेगा स्थायी ठिकाना
नगर निगम की इस योजना का सबसे बड़ा लाभ सड़क किनारे ठेला लगाने वाले छोटे दुकानदारों को मिलेगा. सड़क निर्माण के बाद बची हुई जगह का उपयोग व्यवस्थित वेंडिंग जोन के रूप में किया जाएगा. नगर निगम आयुक्त प्रभात कुमार झा के अनुसार, वर्तमान में फुटपाथ और सड़क पर बेतरतीब तरीके से लगने वाली दुकानों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और जाम की स्थिति बनी रहती है. वेंडिंग जोन बनने से छोटे दुकानदारों को कारोबार के लिए एक निर्धारित और स्थायी स्थान मिलेगा. इससे उन्हें बार-बार जगह बदलने की समस्या से निजात मिलेगी और मुख्य सड़क पर अतिक्रमण की स्थिति भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी.
वेंडिंग जोन के बीच बच्चों के लिए बनेगा उद्यान
नगर निगम की इस पहल में व्यावसायिक गतिविधियों के साथ-साथ हरियाली और नागरिक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है. योजना के तहत तैयार होने वाले वेंडिंग जोन के बीच वाले हिस्से में बच्चों के लिए एक छोटा उद्यान (पार्क) विकसित करने का प्रावधान किया गया है. इस पार्क में बच्चों के खेलने-कूदने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जाएगी. खुले स्थान और हरियाली से आसपास का वातावरण सुखद बनेगा और यह इलाका बाजार, सड़क और हरियाली का एक बेहतरीन संगम बनकर उभरेगा.
शहर के यातायात और सौंदर्य में होगा बड़ा सुधार
सड़क चौड़ीकरण और व्यवस्थित दुकानों के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा. हवाई अड्डे से वीर कुंवर सिंह चौक और वहां से जज कॉलोनी तक की सड़क चौड़ी होने से जहां वाहनों का आवागमन सुगम होगा, वहीं आसपास का क्षेत्र भी अधिक आकर्षक और व्यवस्थित नजर आएगा. नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि निगम शहर की सुंदरता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है. यह पूरा प्रोजेक्ट सुव्यवस्थित बाजार और यातायात सुविधाओं के विस्तार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.
