सहरसा. रेलवे सुरक्षा बल एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई. कार्रवाई के दौरान करीब 300 बोतल विदेशी शराब एवं बीयर जब्त की गई. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 3 लाख 48 हजार 600 रुपये बताई गई है.
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
आरपीएफ के अनुसार, शुक्रवार को गाड़ी संख्या 15566 वैशाली एक्सप्रेस के मार्ग रक्षण दल में तैनात आरक्षी विजय कुमार ने सूचना दी कि उत्पाद विभाग की टीम सुपौल स्टेशन पर दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. गुप्त सूचना मिली थी कि ललितग्राम से सहरसा वाशिंग पिट आने वाले वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक के माध्यम से शराब की खेप लाई जा रही है.
सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार के नेतृत्व में टीम सक्रिय हो गई. राघोपुर, सरायगढ़ और सुपौल स्टेशन पर आरपीएफ जवानों को सतर्क किया गया तथा मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई. इसके बाद सुपौल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर ट्रेन रुकवाकर आरपीएफ एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एसी कोचों की सघन तलाशी ली.
बोरे और पिट्ठू बैग में छिपाकर रखी गई थी शराब
तलाशी के दौरान एसी कोच संख्या बी-4, बी-5 सहित अन्य कोचों से कुल 279 लीटर विदेशी शराब एवं 21 लीटर बीयर बरामद की गई. शराब तीन पिट्ठू बैग और नौ प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखी गई थी. सभी बोतलें हरियाणा निर्मित थीं और वहीं बिक्री के लिए चिह्नित थीं. उत्पाद विभाग ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत पूरी खेप जब्त कर ली.
दो तस्कर गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपनी पहचान कृष्णानगर वार्ड-37 निवासी 45 वर्षीय अविनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा तथा कहरा वार्ड-10 निवासी 25 वर्षीय विनीत कुमार के रूप में बताई. दोनों को उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले लिया. मामले में उत्पाद विभाग द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
ALSO READ : डीआइजी के औचक निरीक्षण में एक्शन : सदर थाने के तीन पुलिसकर्मी निलंबित
