सहरसा बस्ती के वार्ड नंबर 28 में गिर गयी जर्जर दीवार महिला की मौत, पुत्र व पुत्री जख्मी, हालत चिंताजनक सहरसा. रविवार की सुबह आयी तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया. सहरसा बस्ती के वार्ड नंबर 28 में एक जर्जर दीवार गिरने से 38 वर्षीय महिला रुखसाना खातून की मौत हो गयी. जबकि उनके बेटे 25 वर्षीय मो इकबाल और 18 वर्षीय बेटी शबाना खातून गंभीर रूप से घायल हो गये. परिजनों ने बताया कि रुखसाना खातून अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी. अचानक आयी तेज आंधी-तूफान के दौरान घर की पुरानी और कमजोर दीवार ढह गयी. जिससे वे तीनों मलबे में दब गये. जोरदार आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोगों द्वारा आनन-फानन में तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल रुखसाना खातून ने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों के मुताबिक उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आयी थी. जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. वहीं उनके बेटे मो इकबाल और बेटी शबाना खातून का इलाज चल रहा है. जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. मृतका रुखसाना खातून के पति आलम हुसैन की मौत पहले ही कोरोना काल के दौरान हो गयी थी. पति की मौत के बाद से ही परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. उनके बच्चे किराये पर ई-रिक्शा चलाकर किसी तरह अपना जीवन यापन कर रहे थे. अब मां की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. लोगों ने प्रशासन से परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
