सूने घर में 14 लाख की चोरी, लॉकर तोड़कर जेवरात और 1.72 लाख नकद लेकर फरार हुए चोर

साहरसा शहर के शारदा नगर स्थित एक सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया. रात के अंधेरे में घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

Saharsa Theft: सहरसा शहर के शारदा नगर स्थित वार्ड संख्या-38 में मंगलवार की अहले सुबह अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली. चोरों ने घर का मुख्य गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गोदरेज का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण एवं नकदी लेकर फरार हो गए. पीड़ित गृहस्वामी ने सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

तड़के तीन बजे दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित राकेश सिन्हा, स्व. अच्युतानंद सिन्हा के पुत्र एवं शारदा नगर वार्ड संख्या-38 निवासी हैं. उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 14 जुलाई की सुबह करीब तीन बजे अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सीधे गोदरेज के लॉकर को निशाना बनाया.

जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर

आवेदन के अनुसार चोर मंगलसूत्र, सोने का मांग टीका, महिलाओं की अंगूठियां, झुमका, नोज पिन, लॉकेट, पुरुषों की सोने की अंगूठी, सोने की चेन, सोने के सिक्के, चांदी के सिक्के, चांदी की कमरधनी, चांदी का छल्ला, सोने का पोला सहित बड़ी मात्रा में आभूषण चोरी कर ले गए. इसके अलावा घर में रखे 1.72 लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गए. चोरी गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है.

डायल 112 पर दी सूचना

Saharsa Theft: घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया. इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने टूटे हुए लॉकर सहित अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस जुटी जांच में

पीड़ित ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य संभावित साक्ष्य भी जुटा रही है. बड़ी चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजन आर्यन सिंह

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >