डीआईजी के औचक निरीक्षण में बड़ी कार्रवाई, सहरसा सदर थाने के ASI समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Saharsa News: सहरसा सदर थाने में DIG के औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई. ड्यूटी पर सादे लिबास में पाए जाने पर ASI और दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. DIG ने थाने की कार्यप्रणाली और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए.

Saharsa News: सहरसा सदर थाना में शुक्रवार को कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ कुमार आशीष के औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली. ड्यूटी के समय सादा लिबास में मिले एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) और दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

सादा लिबास में ड्यूटी करना पड़ा भारी

निरीक्षण के दौरान सदर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार आजाद, चौकीदार मो. अली खान और चौकीदार मनोज कुमार ड्यूटी के समय वर्दी की जगह सादा कपड़ों में मिले. डीआईजी ने जब उनसे इसका कारण पूछा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. इसे पुलिस अनुशासन का गंभीर उल्लंघन मानते हुए तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया गया.

डीआईजी ने निर्देश दिया कि सभी पुलिस अधिकारी और कर्मी ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी में रहें तथा थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें.

थाने की कार्यप्रणाली और जनता से व्यवहार की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना परिसर की व्यवस्था, शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और पुलिस की कार्यशैली का भी जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाए तथा थाना को अधिक जनमित्र बनाया जाए.

उन्होंने कहा कि पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाना विभाग की प्राथमिकता है.

Saharsa News: शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए तैयार हुआ प्लान

निरीक्षण के बाद डीआईजी ने सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, यातायात डीएसपी ओमप्रकाश, साइबर डीएसपी कल्याण आनंद, लाइन डीएसपी ओमप्रकाश, सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

बैठक में कचहरी ढाला, सुपर मार्केट बस स्टैंड, थाना चौक, होटल राजदरबार मोड़, शंकर चौक, चांदनी चौक, महावीर चौक, सुभाष चौक, गांधी चौक, गंगजला चौक, प्रशांत मोड़, शिवपुरी ढाला, तिवारी चौक, यादव चौक, कोशी चौक और नया बाजार सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई. अधिकारियों को जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और ट्रैफिक प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए.

अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई

डीआईजी डॉ कुमार आशीष ने कहा कि शहर में जाम की सबसे बड़ी वजह सड़क पर अतिक्रमण है. उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस हस्तक नियम-34 के तहत सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

'सदर थाना को गोद लिया है', लगातार होगी मॉनिटरिंग

डीआईजी ने कहा कि उन्होंने सहरसा सदर थाना को "गोद" लिया है और इसकी कार्यप्रणाली की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. उनका उद्देश्य थाना को पूरी तरह जनमित्र बनाना और आम लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि शहर को जाम की समस्या से राहत मिल सके.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >