अश्व वाहन पर सजी आदमकद झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, बलहाडीह में सजा दो दिवसीय मेला

सहरसा में श्रीश्री 108 बाबा गणिनाथ गोविन्द की 94वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। बलहाडीह मंदिर परिसर में दो दिवसीय मेले का आयोजन भी किया गया, जहाँ भक्तिमय माहौल रहा।

सहरसा. श्रीश्री 108 बाबा गणिनाथ गोविन्द की 94वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को शहर में आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का भव्य नजारा देखने को मिला. सुपर बाजार स्थित कला भवन से निकली शोभायात्रा में पैदल श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में बाइक और चारपहिया वाहनों का काफिला शामिल हुआ. बाबा के जयकारों से शहर की सड़कें गूंजती रहीं और शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की लंबी कतार नजर आयी.

धर्मध्वजा दिखाकर रवाना की गयी शोभायात्रा

सुपर बाजार से अतिथियों ने धर्मध्वजा दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया. शोभायात्रा में बाबा गणिनाथ गोविन्द की आदमकद झांकी को अश्व वाहन पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही. विभिन्न देवी-देवताओं का रूप धारण किए श्रद्धालुओं ने भी झांकी की भव्यता बढ़ायी.

शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पहुंची शोभायात्रा

शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बलहाडीह स्थित बाबा गणिनाथ मंदिर परिसर पहुंची. रास्ते में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे. स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत, लस्सी, मिठाई, आइसक्रीम और नाश्ते की व्यवस्था कर सेवा एवं स्वागत किया.

बाबा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर एकजुट होने का संदेश

बलहाडीह मंदिर परिसर पहुंचने के बाद शोभायात्रा धर्मसभा एवं जयंती समारोह में बदल गयी. समारोह का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया. अध्यक्षता मध्यदेशीय वैश्य महासभा के जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद साह ने की. इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

सांसद दिनेश चंद्र यादव ने बाबा गणिनाथ गोविन्द को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि बाबा का जीवन सेवा, त्याग, परोपकार, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देता है. समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है.

शिक्षा और संस्कार से मजबूत होगा समाज

दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि समाज की मजबूती केवल संख्या से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी से होती है. नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है.

पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविन्द का जीवन त्याग, सेवा और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है. उनके विचार समाज में प्रेम, भाईचारा और सर्वकल्याण की भावना को मजबूत करने का मार्ग दिखाते हैं. उन्होंने कहा कि बाबा की जयंती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्वों को याद करने का अवसर भी है.

फोटो - शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

मंदिर निर्माण का पहला चरण पूरा, दूसरे चरण का काम जारी

समारोह के अध्यक्ष मोहन प्रसाद साह ने अतिथियों का माला और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं और समाज के लोगों के सहयोग से मंदिर निर्माण का पहला चरण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में कई कार्य प्रगति पर हैं.

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मंदिर परिसर को और भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा. मंदिर को केवल पूजा-अर्चना का केंद्र ही नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कार और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने मंदिर निर्माण में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं और समाज के लोगों के प्रति आभार जताया.

दो दिवसीय मेले में भक्ति का माहौल

बाबा गणिनाथ गोविन्द की जयंती के अवसर पर बलहाडीह स्थित मंदिर के समीप दो दिवसीय मेले का आयोजन किया गया. दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. रात में आयोजित भजन संध्या में भक्ति गीतों की प्रस्तुति से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा.

विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधि हुए सम्मानित

समारोह के दौरान सहरसा, सुपौल, मधेपुरा और पटना से पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष धीरेन्द्र यादव, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्रदेव मुखिया, जिला व्यापार संघ अध्यक्ष अर्जुन चौधरी, जदयू नेता देवेंद्र कुमार देव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह, अमर यादव, हरिनारायण यादव, दिनेश पासवान, बिहार प्रदेश कानू हलवाई अध्यक्ष एवं पर्यटन मंत्री के प्रतिनिधि जितेंद्र गुप्ता, आमंत्रित राष्ट्रीय सदस्य रामानंद गुप्ता, अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के पारसनाथ गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

इसके अलावा जिला महामंत्री संजय कुमार, युवा अध्यक्ष अजीत कुमार अजय, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शशि सोनी, रंजीत चौधरी, हरे राम साह, रामनरेश साह, सुनील गुप्ता, नरेश साह, मनोज मिलन, वृजमोहन पुजारी, शंकर साह, अभिनंदन कुमार, विनय विहारी, राजकिशोर गुप्ता, सुरेश साह, नारायण साह, सुमित गुप्ता, अनिल पोद्दार, रानू कुमार, सुरेन्द्र साह, भैरव साह, महाबीर साह, नीतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाज के लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >