सहरसा प्रखंड क्षेत्र के पुरीख संथाली टोला में खेल के मैदान से नशामुक्त समाज और युवा शक्ति का संदेश दिया गया. मां शांति क्लब के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पूर्णियां टाउन क्लब और पतरघट प्रखंड के मरिया टोला की टीम के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में मरिया टोला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्णियां टाउन क्लब को तीन गोल से शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया.
तीन गोल से मरिया टोला ने मारी बाजी
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार प्रयास किया. खेल के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने मैदान पर मौजूद खेलप्रेमियों में उत्साह भर दिया.
अंततः मरिया टोला की टीम ने तीन गोल की बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया. जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.
फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले मरिया टोला के खिलाड़ी मनोज हसदा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.
विजेता और उपविजेता टीम को मिली ट्रॉफी
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जदयू के प्रदेश नेता एवं उद्योगपति घनश्याम चौधरी और जदयू नेता रंजीत कुमार सिंह बबलू ने संयुक्त रूप से विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की.
वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिंह ने उपविजेता पूर्णियां टाउन क्लब की टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया.
खेल युवाओं को देता है सकारात्मक दिशा
समारोह को संबोधित करते हुए घनश्याम चौधरी ने कहा कि खेल युवाओं के मानसिक और शारीरिक विकास का सशक्त माध्यम है. खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में आपसी भाईचारे एवं सौहार्द का वातावरण मजबूत होता है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर भी देते हैं.
नशे से दूर रखने में खेल की अहम भूमिका
अरुण कुमार सिंह ने नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए मां शांति क्लब और ग्रामीणों की सराहना की.
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के मैदान से जोड़कर उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है. ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रेरित करते हैं.
बड़ी संख्या में पहुंचे खेलप्रेमी
समापन समारोह में पीटी शिक्षक राणा रंजन सिंह, अमित कुमार यादव, समाजसेवी डॉ. रेनू महतो, लाल बहादुर सिंह, अरविंद कुमार सिंह, सोनेलाल हसदा, सुलेन किस्कू, बाबूलाल हसदा, राकेश हसदा, मनोज हसदा और शिवम सिंह परमार सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे.
मैच के उद्घोषक एवं व्यवस्थापक सोनू कुमार महतो और रविशंकर कुमार ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
