सहरसा के दिलखुश ने राज्य स्तरीय साइकिलिंग में जीता कांस्य, राष्ट्रीय प्रतियोगिता का दावा मजबूत

सहरसा के दिलखुश कुमार ने राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है. 10 किलोमीटर सब-जूनियर क्रॉस कंट्री मास्टर स्टार्ट वर्ग में तीसरा स्थान हासिल कर उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना दावा मजबूत किया है. उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है.

Dilkhush Kumar Cycling Medal: सहरसा के साइकिलिंग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पिछले तीन वर्षों से लगातार हिस्सा ले रहे सहरसा के दिलखुश कुमार की मेहनत आखिरकार रंग लाई. पटना में आयोजित सातवीं राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में दिलखुश ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया. खास बात यह है कि जिला साइकलिंग संघ की स्थापना के करीब चार वर्षों बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहरसा के किसी खिलाड़ी ने पहली बार पदक हासिल किया है.

दिलखुश ने 10 किलोमीटर सब-जूनियर क्रॉस कंट्री मास्टर स्टार्ट वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना दावा मजबूत कर लिया है. सामान्य परिवार से आने वाले दिलखुश पिछले तीन वर्षों से लगातार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे हैं. इस बार पदक जीतकर उन्होंने यह साबित किया कि लगातार मेहनत और लक्ष्य के प्रति लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है.

दिलखुश कुमार सहरसा के सिसई वार्ड नंबर 10 के रहने वाले हैं. उनके पिता का नाम चंद्रदेव यादव है. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक मिलने के बाद उनके परिवार के साथ जिले के खेल जगत में भी खुशी का माहौल है. खेल प्रेमियों को अब उम्मीद है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी दिलखुश बेहतर प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करेंगे.

चार साल पहले बना था जिला साइकलिंग संघ, अब मिला पहला राज्य स्तरीय पदक

जिला साइकलिंग संघ के सचिव दर्शन कुमार गुड्डू ने दिलखुश की सफलता पर खुशी जतायी. उन्होंने कहा कि करीब चार वर्ष पहले जिले में साइकलिंग संघ की स्थापना हुई थी. इतने कम समय में जिले के खिलाड़ी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक हासिल करना गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि दिलखुश की उपलब्धि जिले के दूसरे खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी.

संघ के संरक्षक सह जिला खेल संघ सचिव रोशन सिंह धोनी ने कहा कि साइकिलिंग ऐसा खेल है, जिसके माध्यम से खिलाड़ी ओलंपिक तक का सफर तय कर सकता है. इसके साथ ही यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के अलावा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

उन्होंने कहा कि जिले में लगातार खेल का बेहतर माहौल बन रहा है और इसमें विभिन्न खेल संघों की महत्वपूर्ण भूमिका है. अब जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल हो रहे हैं.

रोशन सिंह धोनी ने बताया कि जिले की प्रीति कुमारी ने कुश्ती और मो मेराज आलम ने एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन कर बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ नीति के तहत नौकरी हासिल की है. दोनों वर्तमान में सहरसा समाहरणालय में निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर कार्यरत हैं.

Dilkhush Kumar Cycling Medal: साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए बनेगी योजना

दिलखुश की सफलता के बाद जिले में साइकिलिंग को लेकर आगे की संभावनाओं पर भी चर्चा शुरू हो गयी है. सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह ने दिलखुश को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में जिले में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जायेगा.

उन्होंने कहा कि इसका लाभ जिले के स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को मिलेगा. साइकिलिंग के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया जायेगा.

दिलखुश की उपलब्धि पर जिला साइकलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ जयंत आशीष, उपाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, जिला बॉल बैडमिंटन संघ सचिव अंशु कुमार मिश्रा, जिला तैराकी संघ अध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया, सचिव चंदन कुमार, जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष दिवाकर सिंह, जिला टेबल टेनिस संघ अध्यक्ष विवेक विशाल, जिला योग संघ सचिव अमन कुमार सिंह, जिला बैडमिंटन संघ सचिव रणवीर सिंह राजा, जिला रस्साकशी संघ सचिव विप्लव रंजन, जिला फुटबॉल संघ सचिव मो अशफाक आलम, जिला खो-खो संघ सचिव सैयद समी अहमद, कुंवर टोला स्पोर्टिंग क्लब अध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह सहित अन्य खेलप्रेमियों ने बधाई दी.

Also Read: “बाप रे! सब कुछ बह गया…”, नेपाल बाढ़ त्रासदी से भटककर मुजफ्फरपुर पहुंची डरी-सहमी महिला

Also Read: बिहार में बढ़ रहा बाढ़ का खतरा, गंगा-गंडक के बाद सोन भी उफनाई, 56 गेट खुले, कई इलाकों में तबाही

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >