फायरिंग से फैली दहशत सलखुआ . थाना क्षेत्र के ओरैली चौक पर विवाद सुलझाने पहुंचे एक दलित युवक पर दबंगों द्वारा सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि हथियारों से लैस लोगों ने युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा, जातिसूचक गालियां दीं और इलाके में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज सहरसा में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार ओरैली मुसहरी वार्ड संख्या 9 निवासी अर्जुन सादा 2 मार्च की सुबह करीब साढ़े आठ बजे ओरैली चौक पर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग पहले से हथियार लेकर वहां पहुंच गये और अर्जुन सादा को घेर लिया. आरोप है कि हमलावरों ने पहले उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और फिर लाठी, लोहे के रॉड तथा कट्टे के बट से हमला कर दिया. हमले में अर्जुन सादा के सिर पर गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े. घायल युवक का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनके गले में गमछा फंसाकर जमीन पर घसीटा और जान से मारने की कोशिश की. इसी बीच उनके गले से सोने की चकती भी छीन ली गयी. घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकले. स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावरों ने जाते-जाते इलाके में दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग भी की, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गयी. घटना के बाद परिजनों ने घायल अर्जुन सादा को तुरंत सलखुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सहरसा रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है. इस संबंध में पीड़ित ने सहरसा के एससी-एसटी थाना में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं मामले पर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
दलित युवक पर जानलेवा हमला, हथियारबंद दबंगों ने पीटकर किया लहूलुहान

दलित युवक पर जानलेवा हमला, हथियारबंद दबंगों ने पीटकर किया लहूलुहान
Copied link
दलित युवक पर जानलेवा हमला