डीबी रोड में चल रही तैयारी, रेलवे ने दी जीएडी की स्वीकृति, जल्द तैयार होगा डिजाइन, 11 पाया तैयार सहरसा . नगर निगम क्षेत्र के बंगाली बाजार रेलवे ढाला पर आरओबी निर्माण कार्य अब धरातल से उपर आने लगा है. ओवरब्रिज के लिए बनने वाले 135 पाईलों में शंकर चौक रॉटरी एवं रेलवे क्षेत्र छोड़कर लगभग सभी जगह पाइलिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है. दरअसल एक ग्रुप में चार पाईल होते हैं. डीबी रोड से शंकर चौक तक 24 की संख्या में पाइल निर्माण के बाद पूरब बाजार की तरफ पाइलिंग कार्य पूर्ण होने बाद पाये का निर्माण कार्य धरातल से उपर कर दिया गया है. डीबी रोड में बनने वाले छह पाये में पांच पाया धरातल से उपर कर दिया गया है. जबकि पूरब बाजार में सात पाये में से छह पाये को धरातल से उपर ले आया जा चुका है. अब दहलान चौक एवं बंगाली बाजार में पाइलिंग को उपर करने का कार्य शुरू होगा. इस बीच आगामी 13 मार्च को समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जिला आगमन को देखते कार्य में थोडी सुस्ती दिख रही है. मुख्यमंत्री ओवरब्रिज निर्माण कार्य का डीबी रोड में निर्माण स्थल का जायजा ले सकते हैं. इसको लेकर तैयारी की जा रही है. जिले के वरीय अधिकारियों ने रविवार को डीबी रोड में चल रहे निर्माण स्थल का जायजा भी लिया था. जिसे देखते मुख्यमंत्री के कार्य स्थल आने की संभावना बन रही है. इधर निर्माण को लेकर तैयारी चल रही है. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के एसडीओ बबलू कुमार ने कहा कि आरओबी के लिए सबसे नीचे पाईलिंग निर्माण कार्य किया जा रहा है. कुल 135 पाईल में शंकर चौक रॉटरी एवं रेलवे क्षेत्र में पाइलिंग का कार्य बचा है. डीबी रोड़ में छह पाये में पांच पाये एवं पूरब बाजार में सात पाये में चार पाये धरातल से उपर आ गये हैं. शेष पर कार्य चल रहा है. रेलवे क्षेत्र में पाइलिंग को लेकर रेलवे द्वारा जीएडी की स्वीकृति दे दी गयी है. अब इसका डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही तैयार डिजाइन मिलने की संभावना है. उन्होंने कहा कि अब तक 11 पाया धरातल से उपर आ गया है. दहलान रोड एवं बंगाली बाजार में भी जल्द ही धरातल से उपर पाया लाने का कार्य किया जायेगा. साथ ही शंकर चौक रॉटरी के लिए भी पाइलिंग का कार्य होगा. उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में दो स्पेन का निर्माण होगा. एक स्पेन में चार पाईल होते हैं. यहां आठ पाईल का निर्माण होना है. इसके लिए विभाग को एप्रूवल मिल गया है. हैमर हेड एवं उसके बाद गर्डर निर्माण किया जायेगा. उन्होंने कहा कि आरओबी निर्माण कार्य की दैनिक निगरानी रखी जा रही है. रेल क्षेत्र में 63.48 मीटर के स्टील ब्रिज का निर्माण किया जायेगा. उन्होंने कहा कि निर्धारित समय से पहले ही आरओबी निर्माण कार्य पूरा कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि शंकर चौक पर साढ़े पांच मीटर से अधिक ऊंचाई का गोलंबर रहेगा. दहलान चौक पर जहां गांधी पथ रोड जाने का मोड़ है, वहां से महावीर चौक से पहले अलंकार ज्वेलर्स तक आरई वाल रहेगा. शंकर चौक, दहलान चौक के समीप गांधी पथ मोड़, पूरब बाजार से प्रशांत रोड तरफ जाने वाली मोड़ पास पार्किंग या सुंदर लुक देने के लिए खूबसूरत व आकर्षक पौधे लगाये जायेंगे. उन्होंने कहा कि आरओबी का एप्रोच डीबी रोड में अनूप भवन से 20 मीटर आगे गिरेगा. दूसरा एप्रोच महावीर चौक से पहले कोसी अलंकार ज्वेलर्स के पास गिरेगा. तीसरा एप्रोच पूरब बाजार में आदित्य विजन से पहले गिरेगा. इन तीनों एप्रोच से लोग आ-जा सकेंगे.
बंगाली बाजार ढाला आरओबी कार्य का निरीक्षण कर सकते हैं मुख्यमंत्री
बंगाली बाजार ढाला आरओबी कार्य का निरीक्षण कर सकते हैं मुख्यमंत्री
