सहरसा: शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव के आदेश पर जिले में विभिन्न कोटि के शिक्षक नियोजन के लिए आठ से 17 फरवरी तक शिविर लगाकर नियोजन पत्र दिया जायेगा. जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से निर्गत सूची के अनुसार आठ फरवरी को जिला स्कूल में नगर परिषद व नगर पंचायत उच्च माध्यमिक शिक्षकों को व 11 फरवरी को जिला स्कूल में ही नगर परिषद व नगर पंचायत माध्यमिक शिक्षकों को पत्र हस्तगत कराया जायेगा.
इसी तरह दस फरवरी को जिला परिषद परिसर में जिला परिषद उच्च माध्यमिक व 12 फरवरी को उसी कैंप में जिला परिषद माध्यमिक शिक्षकों को नियोजन पत्र दिया जायेगा. 13 फरवरी को जिला स्कूल के शिविर में नगर परिषद, नगर पंचायत के बेसिक ग्रेड व स्नातक ग्रेड के शिक्षकों को व 14 फरवरी को मध्य विद्यालय शिक्षक संघ में सभी प्रखंड शिक्षक नियोजन इकाई के स्नातक ग्रेड का नियोजन पत्र वितरित किया जायेगा. शिक्षक संघ के शिविर में ही अगले दिन 15 फरवरी को बेसिक ग्रेड के सभी प्रखंड शिक्षकों को नियोजन पत्र मिलेगा.
16 से पंचायत शिक्षक नियोजन
जिले के दसों प्रखंड में 16 व 17 फरवरी को शिविर लगा पंचायत शिक्षकों को नियोजन पत्र दिया जायेगा. कहरा प्रखंड का शिविर बरियाही स्थित आवासीय मध्य विद्यालय में, सत्तर कटैया का मध्य विद्यालय सत्तर कटैया में, नवहट्टा का राज्य संपोषित उच्च विद्यालय नवहट्टा में व महिषी का नियोजन शिविर मध्य विद्यालय बलुआहा में होगा. इसी तरह सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के पंचायत शिक्षकों को नियोजन पत्र देने के लिए उच्च विद्यालय सिमरी बख्तियारपुर, सलखुआ का ममिदा उच्च विद्यालय सलखुआ में, बनमा इटहरी का उत्क्रमित मध्य विद्यालय इटहरी में, सोनवर्षा का सर हरिवल्लभ इंस्टीच्यूशन सोनवर्षा में, सौर बाजार का राजाधार साहू उच्च विद्यालय सौर बाजार में व पतरघट का शिविर मध्य विद्यालय पतरघट में लगेगा.
