सहरसा: सांसद महोदय, कोसी प्रमंडल के मुख्यालय में यूं तो कई समस्याएं हैं. जिसमें कुछ का तो आप जनप्रतिनिधियों ने निदान भी किया है. इसके बावजूद दशकों से दिन-ब-दिन बढ़ रहीं सड़क जाम व महाजाम की समस्या बंगाली बाजार में ओवरब्रिज नहीं रहने की वजह से नासूर बन गयी है. सांसद जी, सड़क जाम रहने की वजह से अब तक दर्जनों लोगों की जान एम्बुलेंस में ही चली गयी है, जबकि क्षेत्र के कई होनहार छात्र समय पर नहीं पहुंचने की वजह से परीक्षा देने से वंचित हो गये हैं. महाशय, आप तो कई बार जनता की समस्या से स्वयं जूझ चुके हैं. हालांकि रेल मंत्री से ओवरब्रिज के मुद्दे पर आपके द्वारा किये गये मांग की हमलोगों ने काफी सराहना की थी. श्रीमान, समस्या से जल्द निजात दिलाये जाने की आवश्यकता है.
सड़क जाम से त्रस्त जनता
प्रभात खबर व स्थानीय जनता कीमांग पर पहल करते हुए सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने रेलमंत्री मल्लिकाजरुन खड़गे से मुलाकात कर बंगाली बाजार में ओवरब्रिज के बिना हो रही समस्या से अवगत कराया था. सांसद श्री यादव ने रेलमंत्री से मिल कर दिये पत्र में कहा कि बंगाली बाजार के समपार फाटक संख्या 31 ए पर लोगों की अत्यधिक आवाजाही एवं ढाला के अक्सर गिरे रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है. सांसद ने उन्हें इस स्थल पर पूर्व में दो बार विभिन्न रेल मंत्रियों द्वारा शिलान्यास किये जाने की बात कहते बिना विलंब किये निर्माण कार्य प्रारंभ करने की बात कही थी.
रेलवे ने स्वीकृत की थी राशि
बंगाली बाजार स्थित रेलवे समपार फाटक 31 पर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर रेलवे बोर्ड द्वारा पचास प्रतिशत राशि स्वीकृत कर ली गयी है. तत्कालीन डीएम सतीश चंद्र झा ने राज्य के गृह सचिव को पत्र लिख कर शेष बची राज्यांश की 50 प्रतिशत राशि देने का अनुरोध भी किया था, ताकि निर्माण कार्य अतिशीघ्र शुरू कराया जा सके. डीएम ने अपने पत्रंक 84 में कहा है कि नगर परिषद क्षेत्र के बंगाली बाजार रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर ओवरब्रिज निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र भेजा जा चुका है. डीएम ने गृह सचिव का ध्यान आकृष्ट करते बताया कि रेलवे के आइआर पीएम के अनुसार इस प्रकार के समपार पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए रेलवे व राज्य सरकार को पचास प्रतिशत शेयर के आधार पर निर्माण कार्य में व्यय करना होगा.
मालूम हो कि इससे पूर्व समस्तीपुर रेल मंडल के वरीय इंजीनियर व समन्वयक के पत्रंक डब्ल्यू 218, आरओबी, आरयूबी, एसपीजे, डब्ल्यू 5,417 दिनांक 27 सितंबर 2012 द्वारा उक्त क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिये मार्ग बंद करने की सहमति मांगी गयी थी. समाहरणालय के गोपनीय प्रशाखा द्वारा निर्गत पत्रंक 366 दिनांक 23 फरवरी 2013 के माध्यम से तत्कालीन जिला पदाधिकारी मिसबाह वारी ने रेलवे को अनापत्ति पत्र निर्गत कर दिया. डीएम द्वारा दिये गये एनओसी में कहा गया है कि बंगाली बाजार स्थित समपार संख्या 31 अति व्यस्त क्षेत्र में है. आरओबी निर्माण नहीं होने के कारण सड़क आवागमन प्राय: बाधित रहता है. डीएम ने रेलवे से अनुरोध करते कहा है कि इस समपार पर आरओबी निर्माण करने की कार्रवाई अतिशीघ्र प्रारंभ की जाये. जिला प्रशासन को इसमें कोई आपत्ति नहीं है.
