* जिलाधिकारी ने जिला स्कूल स्थित कंप्यूटर सेंटर व ओबीसी स्कूल का लिया जायजा
सहरसा : बुधवार को डीएम शशिभूषण कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित जिला स्कूल कंप्यूटर सेंटर सहित जिला गर्ल्स हाइ स्कूल, मिडिल स्कूल व ओबीसी विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. कई गड़बड़ियों की शिकायत को देख सख्त रूप से उसमें सुधार लाने का निर्देश दिया. जिला स्कूल परिसर में स्थापित जिला कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण को पहुंचे डीएम ने छात्र–छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध करवाये गये 50 कंप्यूटर व उसकी व्यवस्था को देख अचंभित रह गये.
उन्होंने कहा कि इतनी अच्छी व्यवस्था रहने के बावजूद फिर यह केंद्र कैसे अब तक शुरू नहीं हो पाया है. मौके पर मौजूद जिला शिक्षा अधीक्षक डॉ महेश प्रसाद सिंह ने डीएम को जानकारी देते बताया कि वर्ष 2004 में सरकार द्वारा निर्धन व गरीब तबके के स्कूली बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा के लिए सरकार द्वारा सभी साजो समान सहित 50 कंप्यूटर उपलब्ध करवाया गया था. लेकिन टेक्नीशियन शिक्षक की कमी रहने के कारण यह केंद्र अब तक संचालित नहीं हो पाया, जिसके कारण कंप्यूटर के इस्तेमाल के लिए यूपीएस के 30 बैटरी भी बरबाद हो गये. इस पर डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते उस केंद्र को जल्द संचालित करने का निर्देश दिया.
इस मौके पर मौजूद जिला स्कूल के प्राचार्य मो शरबरे आलम से जिला स्कूल व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर डीएम को बताया गया कि शौचालय निर्माण के लिए नवाचार योजना से प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा काम शुरू नहीं किया जा सका.
