* एक से दो दिन की बारिश का दबाव नहीं झेल पायेगा डायवर्सन
सिमरी बख्तियारपुर : जैसा मौसम का मिजाज दिख रहा है, मूसलाधार बारिश की पूरी संभावना बन रही है. अगर एक से दो दिन तक मूसलाधार बारिश हुई तो सहरसा से सलखुआ का संपर्क पथ टूट सकता है. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की उदासीनता एवं संवेदक की मनमानी के कारण सिमरी बख्तियारपुर एवं सलखुआ के बीच मोबारकपुर गांव के समीप करोड़ों रुपये की लागत से पुल निर्माण के लिए बनाये गये डायवर्सन का हाल जानलेवा और पानी का थोड़ा सा भी दबाव न झेलने के लायक है.
अगर दो दिन मूसलाधार बारिश हो जाये तो सलखुआ प्रखंड का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क कभी भी भंग हो सकता है. इस बाबत एसडीओ सुमन प्रसाद साह ने जिलाधिकारी को त्रहिमाम संदेश भेजा है.
मालूम हो कि पुल का निर्माण कार्य निविदा के आधार पर वसंत वाणिज्या कंस्ट्रक्शन को मिला है. कनीय अभियंता एके राय के अनुसार पुल की लंबाई 58.120 होगी, जिसका प्राक्कलन तीन करोड़ 91 लाख रुपया है. पुल निर्माण कार्य 15 माह के अंदर समाप्त कर देना है.
आश्चर्य की बात तो यह है कि पुल निर्माण स्थल पर अब तक बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिस कारण क्षेत्र की जनता एवं पदाधिकारी भी दिग्भ्रमित रहा करते है. निर्माण स्थल पर न तो कोई इंजीनियर रहते एवं न ही संवेदक. एक अंगूठा छाप मुंशी के सहारे येन-केन प्रकारण कार्य किया जा रहा है. विभाग की उदासीनता एवं संवेदक की मनमानी की नतीजा है कि प्राक्कलन के मुताबिक डायवर्सन का निर्माण नहीं कर पुल निर्माण के लिए करीब सौ मीटर की लंबाई में मुख्य सड़क तोड़ दिया गया.
डायवर्सन की चौड़ाई एवं ऊंचाई काफी कम है. डायवर्सन के निर्माण में अधिकांश मिट्टी का ही प्रयोग किया गया है. पानी के बहाव के लिए छोटी-छोटी दो पुलिया की आवश्यकता रहने के बावजूद एक भी नहीं बनाया गया, जिस कारण डायवर्सन के दोनों किनारे जल जमाव रहने से डायवर्सन धंसता जा रहा है. हल्की बारिश में ही डायवर्सन की स्थिति अत्यंत ही नाजुक बन गयी है.
पूरा डायवर्सन कीचड़नुमा दलदल हो गया है, जिस पर मोटरसाइकिल क्या पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. रोजाना पैदल यात्री मोटरसाइकिल चालक, साइकिल सवार, कीचड़ एवं फिसलनयुक्त सड़क पर गिरते पड़ते है. छोटी छोटी चार पहिये वाहन रोजाना फंस जाते हैं.
विभाग एवं संवेदक में सलखुआ प्रखंड बाढ़ प्रभावित का ख्याल नहीं रख मॉनसून प्रवेश का जून माह निर्धारित रहने के बावजूद मुख्य सड़क तोड़ कर घटिया डायवर्सन बना दिया. ऐसा डायवर्सन है कि अगर थोड़ी सी बारिश हो जाती है तो उसको पार करना मुश्किल हो जाता है. एसडीओ श्री साह की भी सरकारी गाड़ी सलखुआ प्रखंड कार्यालय जाते वक्त फंस गई थी. उन्होंने ने स्थिति गंभीर देख डीएम को त्रहिमाम संदेश भेजा है.
