रेलवे हटायेगा अतिक्रमण

सहरसा : रेलवे कॉलोनी के बाद सहरसा जंक्शन के रेलवे परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाली सभी जगहों पर विशेष अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए इंजीनियरिंग विभाग ने कमर कस ली है. रेलवे के सहायक मंडल इंजीनियर मनोज कुमार ने पत्र के माध्यम से अतिक्रमण हटाने को लेकर विधि व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जिला […]

सहरसा : रेलवे कॉलोनी के बाद सहरसा जंक्शन के रेलवे परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाली सभी जगहों पर विशेष अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए इंजीनियरिंग विभाग ने कमर कस ली है. रेलवे के सहायक मंडल इंजीनियर मनोज कुमार ने पत्र के माध्यम से अतिक्रमण हटाने को लेकर विधि व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जिला प्रशासन से दंडाधिकारी की मांग की है. एडीईएन मनोज कुमार ने बताया कि अगर दंडाधिकारी नियुक्त किया जाता है तो अगले माह में रेलवे परिक्षेत्र से पूरी तरह अतिक्रमण हटा दिया जायेगा.

अतिक्रमण हटाने के लिए लगभग आठ दिनों के अभियान के तहत रेलवे की सभी अतिक्रमित जमीन को मुक्त करा लिया जायेगा. वहीं सहरसा जंक्शन से कारू खिरहर हॉल्ट के बीच नयी रेलवे लाइन बिछाने को लेकर आने वाली रुकावट से बचने के लिए इंजीनियरिंग विभाग ने तीन माह पूर्व ही नोटिस जारी कर दिया है. जबकि बंगाली बाजार, प्रशांत रोड, बस स्टैंड, गंगजला चौक, पंचवटी चौक होते कारू खिरहर हॉल्ट के बीच के सभी कच्चे-पक्के मकानों को चिह्नित कर नोटिस जारी किया गया था.
अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत अगर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो अगले माह विशेष अभियान चलाकर बुलडोजर से सभी अतिक्रमित मकानों और दुकानों को तोड़ा जायेगा. इसके लिए सूची तैयार कर ली गयी है. अतिक्रमण हटाने से पहले एक बार फिर से नोटिस जारी किया जायेगा.
ताकि निर्धारित समय के अंतर्गत रेलवे परिक्षेत्र से खुद ही अतिक्रमण हटा लिया जाये. वहीं समस्तीपुर डिवीजन के सहायक कमांडेंट अजीत कुमार शाही ने बताया कि अगले महीने सहरसा-मानसी और सहरसा-पूर्णिया रेलखंड के प्रत्येक स्टेशनों के रेलवे परिक्षेत्र में जहां-जहां अतिक्रमण है, सभी को विशेष अभियान के तहत हटाया जायेगा. इसके लिए इंजीनियरिंग विभाग को सूची तैयार करने के लिए कहा गया है. साथ ही आरपीएफ, जीआरपी सहित महिला बल की काफी संख्या में तैनाती की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >