सहरसा : शराब व गांजा के कारोबारियों की खैर नहीं है. सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में इन कारोबारियों के विरूद्व पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. बुधवार की देर रात सदर थाना पुलिस ने डीबी रोड स्थित मछली बाजार में अवैध कारोबारियों के विरुद्व छापेमारी की.
छापेमारी की भनक लगते ही अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया. कारोबारी किसी तरह अपने ठिकाने से अवैध सामानों के साथ भागने में भी सफल हो गये. पुलिस ने गुलाब नाम के युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया.
प्रभारी सदर थानाध्यक्ष सुशील मरांडी ने बताया कि लगभग 47 पाउच गांजा बरामद किया गया है. जिसका पाउच सहित वजन चार सौ ग्राम के लगभग है. उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
अवैध कारोबार का बन रहा है अड्डा
शहर के मुख्य बाजार डीबी रोड स्थित मछली मार्केट कुछ वर्ष पूर्व तक एक से बढ़कर एक मछली के लिए जाना जाता था.
वहीं कुछ वर्षो में कुछ लोगों के निजी स्वार्थ के कारण अवैध कारोबार का अड्डा बनता जा रहा है. जानकारी के अनुसार मार्केट में बुद्विजीवियों के आंख में धूल झोंक कर कुछ लोग केरोसिन तेल, शराब, गांजा व अन्य कई सामानों का अवैध कारोबार कर रहे हैं.
पुलिस व उत्पाद विभाग कई बार छापेमारी कर शराब व गांजा की बरामदगी कर चुकी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस कारोबार में शामिल लोग नौनिहालों के जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ करने से बाज नहीं आते हैं.
जानकारी के अनुसार अवैध कारोबारी छोटे-छोटे बच्चों को लालच देकर उन्हें गांजा की पुड़िया व शराब की बोतले रखने के लिए दे देता है. ग्राहक के आने के बाद उससे लेकर उपलब्ध करा दिया जाता है. यह इसीलिए किया जाता है कि छापेमारी होने पर भी वह बच सके और किसी को बच्चों पर कोई शक भी नहीं होगा.
डीजे को किया गया जब्त
सदर थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात रिहायशी इलाके में दस बजे रात्रि के बाद भी डीजे बजाने के आरोप में मधेपुरा के एक डीजे को जब्त कर लिया. चालक सुखासन मधेपुरा निवासी देवराज यादव ने बताया कि वह मधेपुरा से बारात के साथ आया था. बारात दस बजे के बाद भी डीजे को बंद करने नहीं दे रहा था. जानकारी के अनुसार किसी ने वरीय अधिकारी को इसको लेकर शिकायत की थी.
