सहरसा : सावधान! कहीं आप सदर अस्पताल इलाज कराने गये हों और चिकित्सक द्वारा एंटीबायोटिक देने की बात कही जाय तो थोड़ा संभल जाइये. अन्यथा आपको किसी अन्य बीमारी की चपेट में आना पड़ सकता है. गुरुवार को इमरजेंसी कक्ष में तैनात कर्मी की वजह से एक मरीज बच गया. मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को एक मरीज को एंटीबायोटिक इंजेक्शन दिया जाना था.
कर्मी ने अस्पताल के आलमीरा से अस्पताल सप्लाय की जाने वाली सेफट्रियॉक्सीन का पाउडर निकाला. पाउडर में इंजेक्शन से डिस्टिल वाटर मिलाने के बाद कर्मी सन्न रह गयी. पाउडर के अंदर तक एक कांच का बड़ा टुकड़ा मिला. मौजूद कर्मियों ने इस बात को छुपाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. हालांकि इसमें अस्पताल प्रशासन की कोई भूमिका नहीं है. यह राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा मॉडर्न लेबोरेट्री इंदौर मध्य प्रदेश द्वारा भेजी गयी थी. जिसका बैच नंबर सीएक्स 1305 था. इस बाबत उपाधीक्षक व अस्पताल प्रबंधक से संपर्क करने की कोशिश की गयी. लेकिन संपर्क नहीं हो पाया.
