सहरसा : सोमवार की देर रात एसपी एम सुनील नायक के नेतृत्व में सहरसा पुलिस ने विशेष अभियान के तहत दो ट्रकों पर लदा पांच सौ पचास बोरा सरकारी चावल बरामद किया है. वहीं मौके पर से इस गोरखधंधे में शामिल दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है.
एसपी द्वारा की गयी छापेमारी में ट्रांसपोर्टर मुकेश कुमार यादव के दिवारी स्थित गोदाम के मुख्य द्वार पर लगे अनाज सहित ट्रक को जब्त करने के बाद गोदाम के अंदर भी छापेमारी की गयी, जिसमें ब्रांडेड चावल कंपनियों का रैपर व पैकिंग मशीन भी बरामद किया गया. ट्रक के चालक राजू यादव व गोदाम का मजदूर मैठ हरिनंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है.
गोदाम को सील कर वहां जवानों को निगरानी में तैनात कर दिया गया है. सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एमडीएम व पीडीएस के चावल को एफसीआइ, एसएफसी के कर्मियों की मिलीभगत से ट्रांसपोर्टर व डीलरों द्वारा कालाबाजारी किया जाता है. उन्होंने बताया कि ट्रक नंबर डब्ल्यूबी 57-8230 व बीआर 1975 पर लदे 550 बोरा सरकारी खाद्यान्न को जब्त किया गया है. इसके अलावा गोदाम में हुई छापेमारी में तुलसी गोल्ड का 890, डबल हिरण ब्रांड का 470 व एसएफसी का 1600 खाली रैपर भी बरामद हुआ है.
एसपी नायक ने कहा कि सरकारी चावलों की पैकेजिंग के लिए प्रयुक्त की जाने वाली स्ट्रीचिंग मशीन भी पुलिस को मिली है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों सहित ट्रांसपोर्टर मुकेश यादव, ट्रक मालिक संजय यादव व हरेराम मुखिया पर भी प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उन्होंने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध 15 दिनों में चाजर्शीट दायर कर स्पीडी ट्रायल चलायी जायेगी. एसपी ने कहा कि इओयू की टीम से ट्रांसपोर्टर मुकेश व सुमन कुमार सिंह की संपत्ति की जांच करवायी जायेगी. एसपी के नेतृत्व में हुई छापेमारी में सदर थानाध्यक्ष सूर्यकांत चौबे, इंस्पेक्टर श्याम सुंदर सिंह सहित अन्य शामिल थे.
