दिवंगत पत्रकार के परिजनों से मिल कर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ने जताया दु:ख
सासाराम शहर : बिहार सरकार के उद्योग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जयकुमार सिंह गुरुवार को दिवंगत पत्रकार धर्मेंद्र सिंह के पैतृक गांव अमरा पहुंच कर उनके परिजनों से मिले़ शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र के हत्यारे को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा. हत्यारे को सजा दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. जल्द ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी होगी. गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जायेगा. मातम पूर्सी के दौरान जय कुमार सिंह ने धर्मेंद्र सिंह के पिता अवधेश सिंह, भाई पप्पु सिंह और उनके तीनों बच्चों से मिलने के बाद कहा कि हम आपके साथ खड़े हैं. धर्मेंद्र की हत्या समाज की बहुत बड़ी हानि है.
इसमें कार्रवाई करने से हम कभी पीछे नहीं हटेंगे. जिला प्रशासन से भी मुआवजे के संबंध में बातचीत की जा रही है. वहीं, मंत्री के साथ अमरा पहुंचे करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह ने कहा कि धर्मेंद्र सिंह पत्रकार के साथ-साथ बहुत बड़े फुटबॉलर और उससे बड़े समाजसेवी थे. इस हत्या से हम सभी मर्माहत हैं.अमरा पहुंचनेवालों में जदयू नेता चंद्रशेखर पासवान, अनिल सिंह, रिंकू सिंह, सिकंजय सिंह, पप्पु पटेल, संजय सिंह, किरण सिंह, विजय सिंह, गुडू सिंह, सतेंद्र सिंह आदि थे.
