सासाराम शहर. अवैध खनन रोकने के लिए खनन विभाग को भी फोर्स मिलेगा. कैमूर पहाड़ी पर हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए खनन विभाग को संसाधनों से लैस करने की तैयारी हो रही है. खनन विभाग को पांच पुलिस जिसमें एक हवलदार व चार सिपाही सहित अतिरिक्त वाहन भी मिलेंगे. सरकार ने डीएम व एसपी को पत्र भेज कैमूर पहाड़ी में हो रहे अवैध खनन रोकने का टास्क सौंपा है. खान व भूतत्व विभाग के संयुक्त सचिव सह निदेशक ने पत्र भेज प्रतिदिन अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया है.
गौरतलब है कि इस वर्ष अब तक अवैध खनन के खिलाफ पुलिस-प्रशासन संयुक्त रूप से 10 बार कार्रवाई कर चुका है. डेहरी के गोपी बिगहा, रूद्रपुरा, जमुहार, महादेवा आदि जगहों पर क्रशर मशीनों को ध्वस्त किया गया है. दर्जनों क्रशर संचालक पकड़े गये हैं. सैकड़ों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है. इसके बावजूद पहाड़ी में विस्फोट व पत्थर-गिट्टी ढुलाई पर रोक नहीं लग पा रही है. डीएम अनिमेष कुमार पराशर ने कहा कि अवैध खनन को पूरी तरह रोकने के लिए ठोस रणनीति बनायी गयी है़ खनन विभाग को वाहन समेत अन्य संसाधनों से लैस किया जायेगा.
