जलजमाव मुसीबत, नप तमाशबीन

हालात. नाला जाम होने व बारिश के पानी से झील बना प्रेमचंद पथ गरमी में बरसात जैसा नजारा है शहर के प्रेमचंद पथ में. इससे होकर गुजरना काफी बड़ी बात है़ इसका कारण है नालों का जाम होना और बेमौसम हुई हल्की बारिश़ नगर पर्षद सब देख कर अनजान बन है़ कोई कदम नहीं उठाया […]

हालात. नाला जाम होने व बारिश के पानी से झील बना प्रेमचंद पथ

गरमी में बरसात जैसा नजारा है शहर के प्रेमचंद पथ में. इससे होकर गुजरना काफी बड़ी बात है़ इसका कारण है नालों का जाम होना और बेमौसम हुई हल्की बारिश़ नगर पर्षद सब देख कर अनजान बन है़ कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है़
सासाराम (शहर) :जिले का तापमान कभी 44 डिग्री, तो कभी 45 डिग्री के पार हो रहा है. इस भीषण गरमी में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं. वहीं, शहर का एक हिस्सा जलजमाव के कारण झील बन गया है. शहर के गौरक्षणी मुहल्ले के प्रेमचंद पथ जाम हो चुके नाला व बरसात का पानी जमा होने से स्थानीय लोगों के लिए यह परेशानी का सबब बन गया है. आलम यह है कि लोग इस पथ से हो कर गुजरने से भी कतराने लगे हैं.
बुजुर्ग व महिलाएं उक्त नाले में गिर कर चोटिल हो रहे हैं. नगर पर्षद के उदासीन रवैया के कारण मुहल्लेवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. छुट्टियों में बाहर गये लोग फोन कर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं. नगर पर्षद द्वारा 10 जून तक शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने की बात बतायी गयी थी. साथ ही 16 बड़े नालों के साथ छोटे-छोटे नालों व जलनिकासी की व्यवस्था करने की बात का पालन विभाग यदि अपने दिये गये समय पर पूरा नहीं कर पाता है, तो स्थिति और भी बदतर हो जायेगी. कुछ दिन बाद स्कूल की छुट्टियां समाप्त होने वाली है.
इसके बाद स्कूल व कॉलेज जाने वाले बच्चों के लिए परेशानियां बढ़ जायेगी. जलजमाव के कारण अंधेरा होने के बाद मुहल्ले के लोग बाहर निकलना नहीं चाहते. कई लोग जमा हो गये पानी में गिर कर चोटिल हो चुके हैं.
मुहल्लावासियों का बढ़ रहा आक्रोश: महीनों से प्रेमचंद पथ में जलजमाव बना हुआ है, इस कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है. इसकी शिकायत स्थानीय लोगों द्वारा कई बार संबंधित विभाग से की जा चुकी है. बावजूद इसके जलजमाव से निजात नहीं मिल सका है. विभागीय उदासीनता के कारण मुहल्लावासियों का आक्रोश बढ़ रहा है. गौरतलब है कि नगर पर्षद द्वारा जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए तीन मोटर पंप व एक हजार मीटर पाइप की खरीदारी करना है.
विभागीय उदासीनता से मुहल्लेवासियों में बढ़ रहा आक्रोश
संक्रमित बीमारियों के फैलने का अंदेशा
गंदे नाले का पानी सड़कों पर बहने के कारण संक्रमण रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है. इसके संपर्क में आने वाले लोगों को मलेरिया और त्वचा संबंधी रोग हो सकते हैं. साथ ही अधिक दिनों से जलजमाव के कारण मुहल्ला में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. अभिभावक अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर चिंतित है. इस संबंध में चिकित्सक विनय तिवारी कहते हैं कि गंदे नाला के पानी के संपर्क में आ कर हैजा, डेंगू, हेपेटाइटिस बी आदि रोग हो सकते हैं. लोगों को गंदे पानी से दूर रहना चाहिए.
बोले लोग, कब मिलेगी निजात
मुहल्ला में पानी लगने के कारण दुकान पर ग्राहक नहीं आ रहे हैं. ऐसी स्थिति में एक माह से बनी है. भुखमरी की स्थिति बनती जा रही है. कम पूंजी का व्यवसाय है. इससे मिले पैसों से ही गुजारा करना पड़ता है. जलजमाव मेरे परिवार के लिए किसी आफत से कम नहीं है.
जमुना प्रसाद बनारसी, चना विक्रेता
पानी के जमाव से मक्खी मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. इन दिन बहुत कम ग्राहक आ रहे हैं. कई ग्राहक दूर से ही लौट जा रहे हैं. एक ओर जल जमाव तो दूसरी ओर उसके कारण बढ़े किट पतंगों का प्रकोप, व्यवसाय प्रभावित हो रहा है.
मालती देवी, चाय-समोसा दुकानवाली
सबसे बड़ी समस्या जो जल जमाव से उत्पन्न हुई है व बच्चो को लेकर है. मुहल्ले के बच्चे पढ़ाई करने न तो बाहर जा पा रहे है और न ही बाहर के बच्चे ट्यूशन आदि पढ़ाई के लिए यहां आ पा रहे है. दूसरी बात यह है कि रेलवे स्टेशन जाने के लिए लोगों को लंबी दूरी का रास्ता अपनाना पड़ रहा है. संबंधित विभाग को इस ओर तत्काल ध्यान देना चाहिए
अरविंद कुमार पांडेय, शिक्षक
बाजार के तरफ जाने में काफी दिक्कत हो रही है. अक्सर किसी चीज के लिए बाहर जाना ही पड़ता है़ इन दिनों जलजमाव के कारण घर से निकलने में परेशानी होती है. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं व बच्चों को ही उठानी पड़ रही है.
स्नेहलता देवी, गृहणी
नाला जाम होने के कारण
कूड़े कचरे से लगभग बंद पड़ गये नाला के कारण जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होती है. जल निकासी की व्यवस्था फिलवक्त संबंधित विभाग द्वारा नहीं की गयी है. जिसका खामियाजा मुहल्ले वासी भुगत रहे हैं. गत दिन नगर पर्षद में सफाई कर्मियों की हड़ताल थी, जिस कारण शहर के कई मुहल्ला में जल जमाव व कचरों का अंबार लग गया था. हालांकि, हड़ताल समाप्त होते ही विभाग द्वारा सफाई कार्य शुरू करा दिया गया है.
परंतु, गति धीमी होने के वजह से पूरे शहर की सफाई नहीं हो सकी है. सिर्फ प्रेमचंद पथ ही नहीं कई अन्य मुहल्ला के लोग भी जलजमाव से परेशान रहते है. इसमें करनसराय, मवेशी अस्पताल के पीछे, गजराढ़ आदि शामिल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >