सासाराम (कोर्ट) : वसागर थाना क्षेत्र के गडूरा निवासी सीताराम सिंह उर्फ बच्चा सिंह ने दहेज के लिए बेटी की हत्या कर देने का आरोप ससुराल वालों पर लगाते हुए सीजेएम अली अहमद की कोर्ट में परिवाद दायर किया है.
परिवाद में मोहनियां थाना के बरेज निवासी दीनानाथ सिंह सहित चार को अभियुक्त बनाया है. परिवादी ने दर्ज कराये गये परिवाद में कहा है कि वह अपनी बेटी सविता उर्फ पिंकी की शादी 21 मई, 2013 को दीनानाथ सिंह के पुल से किये थे. शादी के बाद जब इनकी बेटी ससुराल गयी, तो सभी लोग दहेज में चार पहिया वाहन के लिए प्रताड़ित करने लगे. शादी के एक साल बाद उनकी बेटी मायके आयी. इसके बाद ससुरालवाले परिवादी की बेटी की विदाई नहीं करा रहे थे.
काफी आग्रह पर ससुराल वाले मार्च 2016 में उसे विदा करा कर ले गये. 13 मई 2016 को ससुराल वाले दहेज में चार पहिया वाहन के लिए परिवादी की बेटी सविता उर्फ पिंकी की हत्या कर शव जला दिये. कोर्ट द्वारा मामले की सुनवाई करते हुए शिवसागर थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है.
