कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण में जायेंगे प्रत्याशी
बिक्रमगंज कार्यालय : दावथ प्रखंड के इटवां पंचायत के केंद्र संख्या 68 बभनी गांव में अधिकारियों के मिलीभगत से अघोषित कब्जा करने का आरोप प्रत्याशियों ने लगाया है. चुनाव आयोग से शिकायत की है. चुनाव आयोग को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि यदि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी, तो न्यायालय के शरण में जाने को विवश होंगे.
बीडीसी प्रत्याशी अशोक कुमार, राजेश कुमार सिंह के द्वारा भेजे गये पत्र में कहा गया है कि बभनी निवासी विंद्याचल सिंह बीडीसी के प्रत्याशी अधिकारियों के मिली भगत से मतदान केंद्र पर अघोषित कब्जा कर रखी थी. इस संबंध में डीएम रोहतास, प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी दावथ सहित सभी अधिकारियों को इसकी सूचना मोबाइल से दी गयी. लेकिन, किसी अधिकारी ने कार्रवाई नहीं की. चार घंटों तक कोई भी अधिकारी मतदान केंद्र पर नहीं पहुंचे. आयोग से इस मामले की जांच कराने की मांग की है. साथ ही कहा है कि अगर इस मामले की जांच नहीं करायी जाती है तो विवश होकर न्यायालय के शरण में जायेंगे.
