मतदान शुरू होते ही बढ़ी गहमा-गहमी
सासाराम : सुबह के छह बजे से ही जिले के करगहर व राजपुर प्रखंडों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी कतार लग गयी. सुबह में पहले वोट डालने में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने अधिक तत्परता दिखाई. सात बजे मतदान शुरू होते ही गहमा गहमी बढ़ गयी. इसी बीच पुलिसकर्मी मुस्तैद हो उठे. लोगों को लाइन में खड़ा होने की हिदायत देने लगे. इधर, प्रत्याशी भी मतदान केंद्रों का दौरा शुरू कर दिये.
गांव की गलियों से लेकर मतदान केंद्रों तक जगह-जगह लोगों का जमावड़ा लगा रहा. आते-जाते लोग एक दूसरे को इशारो में ही मतदान करने की बात कहते रहे. सबसे अधिक उत्साह महिलाओं में दिखा. अधिकतर महिलाएंसुबह में घर का काम छोड़ पहले मतदान करना ही अपना धर्म समझा. मतदान के बाद ही जलपान की बात हुई.
प्रत्याशी एक-एक केंद्रों का जायजा लेते रहे. जिला पर्षद, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, पंच व वार्ड सदस्य के प्रत्याशियों की संख्या काफी होने से उनकी भी एक अलग ही भीड़ लगी रही.
हर पांच मिनट पर कोई न कोई प्रत्याशी बूथ का जायजा लेने आता रहा. इधर, बच्चे मतदान में व्यस्त लोगों को देख हंसी ठिठोली करते रहे. सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा. गांव के चौपाल पर रौनक बनी रही. पुलिस कर्मियों की स्थिति कुछ भिन्न रही. वह लगातार अपने काम पर मुस्तैद दिखे. किसी भी तरह के घटना को टालने के लिए वह तैयार रहे. हालांकि, मतदान के दौरान किसी तरह की कोई घटना नहीं हुई. करगहर के 19 पंचायतों में व राजपुर के आठ पंचायतों में मतदान शांति पूर्ण संपन्न हो गया.
पुलिस गश्त के दौरान राजपुर में जिला पर्षद प्रत्याशी की गाड़ी से 12 हजार रुपये बरामद हुआ. पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है. करगहर में पांच बजे के बाद भी कई केंद्रों पर मतदान होता रहा. मतदान समाप्ति के बाद कर्मी बैलेट बॉक्स को जमा करने के लिए प्रखंड कार्यालयों की ओर निकल पड़े. कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में बैलेट बॉक्स जमा किया गया. इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि तीसरे चरण का मतदान शांति पूर्ण संपन्न करा लिया गया.
