रोहतास के शिवसागर में भीषण सड़क हादसा
घायलों का चल रहा है अस्पताल में इलाज
शिवसागर : रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के अउवां गेट के समीप शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में 11 श्रद्धालुुओं की मौत हो गयी और 13 श्रद्धालु जख्मी हो गये. सभी घायलों को एनएचआइ की टीम ने सदर अस्पताल, सासाराम में भरती कराया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने दो घायलों बालेश्वर सिंह यादव व सुजाता देवी को पटना रेफर कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, भोजपुर जिले के जगदीशपुर अनुमंडल स्थित कुसुमा गांव से शुक्रवार की रात 24 श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रैक्टर वसंत पंचमी पर गुप्ताधाम के दर्शन करने के लिए रोहतास के चेनारी पहुंचा. गुप्ताधाम चेनारी में अवस्थित है. रात में ही सभी श्रद्धालुओं ने गुप्ताधाम के दर्शन किये और जीटी रोड के रास्ते अपने गांव के लिए निकल पड़े.
उनका ट्रैक्टर अउवां गेट के समीप पहुंचा, तो पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी. इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया और 11 श्रद्धालु मौके पर ही काल के गाल में समा गये. इस भीषण हादसे में 13 लोगों को गंभीर चोटें आयी हैं. इतनी जोरदार टक्कर हुई कि उसकी आवाज सुन कर आस-पास के लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे.
देखते ही देखते चारों तरफ कोहराम मच गया. हर तरफ रोने-चिल्लाने की आवाज और खून से लथपथ लाशें. बचाव में जुटे लोग भी हतप्रभ दिखे. लोगों ने हिम्मत कर सभी घायलों को ट्राॅली से बाहर निकालना शुरू किया. साथ ही, शिवसागर थाने को सूचना दी.
टॉल प्लाजा के पास से क्रेन बुला कर ट्रैक्टर ट्रॉली में दबे लोगों को बाहर निकाला गया. इसके बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेजा गया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने 11 लोगों के मृत होने की पुष्टि की और घायलों का इलाज शुरू किया. इनमें दो श्रद्धालुओं बालेश्वर सिंह यादव व सुजाता देवी की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया. एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि कुसुमा गांव से ट्रैक्टर पर सवार होकर श्रद्धालु गुप्ताधाम दर्शन के लिए गये थे. वापस गांव लौटने के दौरान उक्त स्थल के समीप एक ट्रक ने ट्रैक्टर में ठोकर मार दी. इसमें 11 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी और 13 लोग जख्मी हो गये. पोस्टमार्टम करा कर शवों को परिजनों को सौप दिया गया.
मरनेवालों की सूची
रामसकल सिंह की पत्नी मीना देवी (45), रामसकल सिंह की बेटी दुर्गावती कुमारी (12), शंभु सिंह की पत्नी मानती देवी (35), शंभु सिंह का बेटा छोटे कुमार (4), छोटेलाल सिंह की पत्नी गंगावली देवी (50), शिवपूजन सिंह की पत्नी ललमुना देवी (55), शिवशंकर सिंह की पत्नी हंसराजो देवी (52), राम सुदर्शन सिंह का बेटा पप्पु कुमार (32), चंद्रमा सिंह का बेटा नागेंद्र सिंह (38), पीठा सिंह का बेटा रामदुलार सिंह (50), रामाश्रय का बेटा दिनेश सिंह (40). इनमें 10 श्रद्धालु भोजपुर जिले के कुसुमा व एक ललमुना देवी अगिआवं थाना क्षेत्र के खनी गांव की बतायी जाती है.
घायल श्रद्धालु
बालेश्वर सिंह यादव (60), सुजाता देवी (50), रामझारी देवी (60), लालझारी देवी (50), ललिता देवी (35), रमुनी कुंवर, लालमुनी देवी (50), सुनैना देवी (30), रीता देवी (40), सीतबासो (50), मानिक लाल (18), रेशमा कुमारी व बेबी कुमारी (15).
